सीएम धामी का चम्पावत दौरा: जिले को मिली 165.68 करोड़ की 54 योजनाओं की सौगात
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया। टनकपुर-बनबसा ड्रेनेज, पूर्णागिरि रोपवे और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज प्रमुख परियोजनाएं हैं।
चम्पावत को CM धामी की बड़ी सौगात, 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
चम्पावत, 23 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत जिले को 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने इन योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 16,567.56 लाख रुपये की लागत वाली 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने अलग-अलग विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं से जिले में सड़क, जल निकासी, नागरिक सुविधाओं, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास को नई गति मिलेगी।
टनकपुर-बनबसा में जलभराव से मिलेगी राहत, 86.83 करोड़ की योजना स्वीकृत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबाई में नालियों एवं जल निकासी व्यवस्था का निर्माण और सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखंड एवं नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इन क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के तहत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर काम चल रहा है। इस कॉरिडोर की कुल प्रस्तावित परियोजना लागत 3,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ से बनेगा रोपवे
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त बनबसा में भारत सरकार की लगभग 502 करोड़ रुपये की लागत वाली लैंड पोर्ट परियोजना से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
लोहाघाट में 256 करोड़ से बनेगा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत के पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के अवसर मिलेंगे।
इसके अलावा लगभग 55.53 करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान केंद्र (साइंस सेंटर) स्थापित किया जाएगा। वहीं, करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी।
आदर्श चम्पावत के जरिए आदर्श उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचे। चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जिले के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखंड के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उसका लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले चम्पावत जिले के पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया।
इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) और ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना और उसे आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। सम्मानित लाभार्थियों की सफलता अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामंत, पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, विभिन्न दर्जा राज्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, अपर जिलाधिकारी के.एन. गोस्वामी सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
खबर की मुख्य बातें
-
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चम्पावत में 165.68 करोड़ रुपये की 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
-
21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास किया गया।
-
टनकपुर और बनबसा में जलभराव की समस्या दूर करने के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना।
-
टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण।
-
शारदा कॉरिडोर के पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये से शारदा घाट का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण।
-
मां पूर्णागिरि धाम में 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण कार्य जारी।
-
किरोड़ा नाले पर पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत।
-
बनबसा में 502 करोड़ रुपये की लैंड पोर्ट परियोजना से व्यापार और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा।
-
लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण।
-
55.53 करोड़ रुपये से विज्ञान केंद्र और 20 करोड़ रुपये से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जाएगा।
-
सरकारी योजनाओं से आत्मनिर्भर बने पांच लाभार्थियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।