नैनीताल को सीएम धामी की बड़ी सौगात, बिन्दुखत्ता में बनेगा विशाल

बिन्दुखत्ता में बनेगा 1000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार, सीएम धामी ने की घोषणा

नैनीताल, 23 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के बिन्दुखत्ता में जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति की ओर से आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने बिन्दुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों की बैठक क्षमता वाले सांस्कृतिक सभागार के निर्माण की घोषणा की। साथ ही प्रसिद्ध लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय, स्टेडियम सहित अन्य विकास कार्य कराने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रसिद्ध लोकगायक स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्व. मेहरा के परिजनों को सम्मानित करते हुए उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के संरक्षण एवं संवर्धन में उनके योगदान को याद किया।

स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा के गीतों ने समाज को नई दिशा दी: सीएम धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा केवल एक लोकगायक नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, मातृशक्ति के संघर्ष, युवाओं की भावनाओं और सामाजिक चेतना की सजीव अभिव्यक्ति देखने को मिलती है। उन्होंने अपने गीतों के माध्यम से समाज को जागरूक करने के साथ लोगों को अपनी जन्मभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि 'गर्भ भितेरा बेटी ना मार' जैसे गीत के माध्यम से स्व. मेहरा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया, जबकि 'ऐजा मेरा दानपुरा' गीत में अपनी जन्मभूमि के प्रति उनका गहरा प्रेम दिखाई देता है। किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला और रचनाएं समाज को प्रेरित करती रहें। स्व. प्रहलाद सिंह मेहरा ने अपनी लोकगायकी से यह मुकाम हासिल किया है।

लोकसंस्कृति के संरक्षण में लोकथात महोत्सव की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के आयोजन के लिए जन जागृति सांस्कृतिक कला समिति को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोकथात हमारी लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोकभाषाओं, लोकगीतों, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की समृद्ध लोकसंस्कृति, लोकभाषाएं और परंपराएं भी प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। आधुनिकता के दौर में सांस्कृतिक विरासत को सहेजना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास भी और विरासत भी के संकल्प के साथ काम कर रही है। प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विकास कार्यों के साथ मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है।

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को मिली गति

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। विजयपुर-गौलापार क्षेत्र में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर भी पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र में लंबे समय से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण के कार्य किए जा रहे हैं। इसके तहत नए बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों की स्थापना की जा रही है। लालकुआं क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, हल्दूचौड़ स्थित राजकीय महाविद्यालय का स्नातकोत्तर स्तर पर उच्चीकरण किया गया है।

बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लिए केंद्र से संवाद

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौला और नंधौर नदियों से होने वाले भू-कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य किए जा रहे हैं। वन क्षेत्रों से सटे गांवों में वन्यजीवों से सुरक्षा के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का काम भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने का विषय क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग और अपेक्षाओं से जुड़ा है। राज्य सरकार इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार के साथ लगातार संवाद किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस दौरान वनाधिकार समिति, बिन्दुखत्ता के प्रतिनिधियों से भी चर्चा की और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानू को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेन्द्र सिंह कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष नैनीताल प्रताप सिंह बिष्ट, दायित्वधारी शंकर कोरंगा, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., लोक कलाकार कमल मेहरा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोक कलाकार और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

खबर की मुख्य बातें

  • सीएम पुष्कर सिंह धामी ने बिन्दुखत्ता में तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में हिस्सा लिया।

  • बिन्दुखत्ता में 1,000 लोगों की क्षमता वाला सांस्कृतिक सभागार बनाया जाएगा।

  • स्व. लोकगायक प्रहलाद सिंह मेहरा के पैतृक गांव में उनकी स्मृति में विद्यालय और स्टेडियम बनाने की घोषणा।

  • मुख्यमंत्री ने प्रहलाद सिंह मेहरा के परिजनों को सम्मानित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

  • शेरनाला पर 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल का निर्माण किया गया।

  • विजयपुर-गौलापार में चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू।

  • बिन्दुखत्ता में 30 करोड़ रुपये से विद्युतीकरण के कार्य किए जा रहे हैं।

  • लालकुआं में बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए 14 करोड़ रुपये स्वीकृत।

  • बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के लिए केंद्र सरकार से संवाद जारी।

  • गौला और नंधौर नदियों से भू-कटाव रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्य जारी।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter