सीएम धामी ने समरसता संकल्प यात्रा में लिया भाग, संत रविदास जयंती पर गिनाईं योजनाएं
हरिद्वार के धनौरी में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प यात्रा में भाग लिया। यूसीसी, छात्रवृत्ति और अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं की जानकारी दी।
संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर सीएम धामी ने भरी समरसता की हुंकार, यूसीसी को बताया समानता का उदाहरण
हरिद्वार, 24 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 'समरसता संकल्प यात्रा' में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संत रविदास जी के विचारों, आदर्शों एवं सामाजिक समरसता के संदेश को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी महाराज ने समाज को समानता, भाईचारे और समरसता का संदेश दिया। उनकी इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की गई। इसके माध्यम से देवभूमि में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था की गई है। जाति, पंथ या वर्ग कोई भी हो, कानून की नजर में सभी समान हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता केवल भाषणों और नारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे व्यवहार और कार्यों में भी दिखाई देनी चाहिए। इसी भावना के अनुरूप राज्य सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के समग्र विकास और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सीएम धामी ने बताया कि अनुसूचित जाति उपयोजना और ट्राइबल सब प्लान के तहत पिछले छह वित्तीय वर्षों में लगभग 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। अनुसूचित जाति वर्ग के विद्यार्थियों की शिक्षा आर्थिक कठिनाइयों के कारण प्रभावित न हो, इसके लिए प्रदेश में पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के माध्यम से पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को करीब 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत अनुसूचित जाति बहुल गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास कर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में तैयार किया जा रहा है। वहीं, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना के अंतर्गत देहरादून, अल्मोड़ा और नैनीताल में छात्रावासों का निर्माण कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना भी चला रही है। इसके तहत पति-पत्नी में से एक के अनुसूचित जाति वर्ग से होने पर दंपत्ति को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। पिछले तीन वर्षों में 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक परेशानी बाधा न बने, इसके लिए शादी अनुदान योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की अधिकतम दो बेटियों के विवाह पर प्रति बेटी 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने स्वच्छकार समुदाय के कल्याण का उल्लेख करते हुए कहा कि सफाई कर्मियों की सुरक्षा, गरिमा और सम्मानजनक रोजगार सुनिश्चित करने के लिए नमस्ते योजना लागू की गई है। इसके माध्यम से उन्हें असुरक्षित सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई के कार्यों से मुक्त करने के साथ स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार संत रविदास जी महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि महाराज, बाबा हठयोगी महाराज, स्वामी प्रबोधनंद गिरी महाराज, महंत अरुणदास जी महाराज, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, कैबिनेट मंत्री खजान दास और प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी, रुड़की मेयर अनीता अग्रवाल, दायित्वधारी देशराज कर्णवाल और श्यामवीर सैनी, लाल सिंह आर्य, भोला सिंह, गजेंद्र यादव, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर और सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
Source: The News Com Network