जनगणना 2027: दून विश्वविद्यालय में स्व-गणना जागरूकता शिविर आयोजित

जनगणना निदेशालय की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने युवाओं से की डिजिटल स्व-गणना में भागीदारी की अपील, छात्रों और शिक्षकों को दिया गया लाइव डेमो

देहरादून, 26 नवंबर । जनगणना-2027 को लेकर उत्तराखंड में डिजिटल स्व-गणना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गृह मंत्रालय, भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की ओर से दून विश्वविद्यालय में विशेष स्व-गणना (Self-Enumeration) जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों और कर्मचारियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वयं और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई।

कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों से संवाद किया। उन्होंने जनगणना-2027 के अंतर्गत उपलब्ध डिजिटल स्व-गणना सुविधा के महत्व की जानकारी देते हुए युवाओं से तकनीक का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि युवा स्वयं ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी और अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें। साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी डिजिटल स्व-गणना के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस राष्ट्रीय अभियान में भागीदारी कर सकें।

युवाओं से जनगणना अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने जनगणना कार्य निदेशालय की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षण संस्थानों के युवा समाज में डिजिटल जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

उन्होंने विश्वविद्यालय परिवार से जनगणना-2027 के राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। साथ ही जनगणना कार्य में विश्वविद्यालय की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

छात्रों और शिक्षकों को स्व-गणना का लाइव डेमो दिया

शिविर के दौरान उप निदेशक आर. के. बनवारी और जनगणना निदेशालय की तकनीकी टीम ने प्रतिभागियों को ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्व-गणना करने की चरणबद्ध प्रक्रिया समझाई।

इस दौरान लाइव डेमो के जरिए बताया गया कि किस प्रकार ऑनलाइन पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज की जा सकती है। मौके पर ही कई छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की स्व-गणना प्रक्रिया भी पूरी कराई गई।

इस पहल का उद्देश्य जनगणना-2027 के लिए डिजिटल स्व-गणना सुविधा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक से अधिक नागरिकों को इस प्रक्रिया से जोड़ना है।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter