उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027: EVM-VVPAT जागरूकता अभियान शुरू

मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने दी जानकारी, जिला मुख्यालयों पर बनाए गए EVM डेमोस्ट्रेशन सेंटर; मतदाता मॉकपोल के जरिए समझ सकेंगे वोटिंग प्रक्रिया

देहरादून, 26 नवंबर । उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के तहत EVM और VVPAT के इस्तेमाल को लेकर जन-जागरूकता अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश के मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) और वोटर वेरिफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) के काम करने के तरीके की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके लिए प्रदेश के सभी 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन तैनात की गई हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2027 में इस्तेमाल होने वाली EVM और VVPAT की प्रथम स्तरीय जांच (FLC) पूरी होने के बाद जागरूकता अभियान की तैयारी की गई है। प्रशिक्षण और प्रदर्शन के लिए कुल 974 बैलेट यूनिट (BU), 974 कंट्रोल यूनिट (CU) और 974 VVPAT मशीनें अलग से निर्धारित की गई हैं।

इन मशीनों का चयन मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अधिकृत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया है। इनमें आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधि शामिल रहे। प्रशिक्षण एवं जागरूकता के लिए चयनित मशीनों की सूची भी राजनीतिक दलों के साथ साझा की गई है।

सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि EVM और VVPAT का व्यावहारिक प्रदर्शन दिखाने के लिए प्रत्येक जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) और रिटर्निंग ऑफिसर (RO) के मुख्यालय पर EVM डेमोस्ट्रेशन सेंटर (EDC) स्थापित किए गए हैं।

इन केंद्रों पर आम नागरिक EVM और VVPAT के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया को समझ सकेंगे। इसके अतिरिक्त जन-जागरूकता के लिए मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन (MDV) भी तैनात की गई हैं। ये वैन प्रदेश की सभी 70 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों, गांवों, मोहल्लों, वार्डों और विभिन्न क्लस्टरों तक पहुंचेंगी।

चुनाव कार्यक्रम घोषित होने तक जारी रहेगा अभियान

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार भारत निर्वाचन आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव 2027 के कार्यक्रम की घोषणा किए जाने तक EVM और VVPAT से संबंधित यह व्यावहारिक जन-जागरूकता अभियान जारी रहेगा।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद EVM और VVPAT से जुड़ी जागरूकता गतिविधियां केवल डिजिटल माध्यमों से संचालित की जाएंगी।

उन्होंने बताया कि अभियान की प्रगति पर नियमित निगरानी भी रखी जाएगी। इसके तहत जिला निर्वाचन अधिकारियों और रिटर्निंग अधिकारियों को साप्ताहिक अथवा पाक्षिक आधार पर रिपोर्ट मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय को भेजनी होगी।

इस रिपोर्ट में EVM डेमोस्ट्रेशन सेंटर और मोबाइल डेमोस्ट्रेशन वैन के माध्यम से कवर किए गए मतदान केंद्रों की संख्या, प्रदर्शन देखने वाले लोगों की संख्या और मॉकपोल में भाग लेने वाले नागरिकों की संख्या का विवरण शामिल होगा। यह जानकारी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराई जाएगी।

उत्तराखंड के सभी जिलों में शुरू हुआ जागरूकता अभियान

प्रदेश के विभिन्न जिलों में EVM और VVPAT जागरूकता अभियान अलग-अलग तारीखों से शुरू किया गया है। इसका जिलेवार विवरण इस प्रकार है:

  • 16 नवंबर 2026: देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़ और चम्पावत।

  • 18 नवंबर 2026: टिहरी गढ़वाल, बागेश्वर और नैनीताल।

  • 20 नवंबर 2026: चमोली।

  • 21 नवंबर 2026: उत्तरकाशी और ऊधमसिंह नगर।

  • 25 नवंबर 2026: रुद्रप्रयाग।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी की मतदाताओं से अपील

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से इस जन-जागरूकता अभियान में अनिवार्य रूप से भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मतदाता EVM और VVPAT की कार्यप्रणाली को समझें और मॉकपोल के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करें।

उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और मतदान के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का भी आह्वान किया।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter