होर्मुज स्‍ट्रेट में दक्षिण कोरियाई जहाज पर धमाके के बाद आग, संभावित

सियोल, 4 मई । होर्मुज स्‍ट्रेट में दक्षिण कोरिया के एक जहाज पर धमाके के बाद आग लगने की खबर सामने आई है। दक्षिण कोरिया के अध‍िकार‍ियों ने सोमवार को अपने जहाज पर संभाव‍ित हमलों की पुष्‍टि‍ की है। अध‍िकार‍ियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है।

विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा क‍ि हमारी कांसुलर मामलों की टीम इस जानकारी की पुष्टि कर रही है कि क्या दक्षिण कोरियाई जहाज पर हमला हुआ है। अभी तक हमने शुरुआती तौर पर यह पुष्टि की है कि हमारे किसी नागरिक को कोई चोट नहीं आई है।

मंत्रालय यह भी पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि जहाज को कितना नुकसान हुआ है और इसके पीछे कौन जिम्मेदार हो सकता है।

योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, अगर यह बात सही होती है, तो यह पहला ऐसा मामला होगा, जब किसी दक्षिण कोरियाई झंडे वाले जहाज पर इस महत्वपूर्ण जलमार्ग में हमला हुआ हो। उस समय अमेरिका-इजरायल की ओर से ईरान पर हमलों के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था और यह जलमार्ग लगभग बंद हो गया था।

करीब 2,000 जहाज अभी भी इस जलमार्ग में फंसे हुए हैं, जिनमें 26 दक्षिण कोरियाई जहाज भी शामिल हैं।

यह घटना उस समय हुई जब वॉशिंगटन ने “प्रोजेक्ट फ्रीडम” नाम का अभियान शुरू किया था, जिसका मकसद इस जलमार्ग में फंसे जहाजों को निकालना है। ईरान ने इस कदम को सीजफायर (युद्धविराम) का उल्लंघन बताया है।

डोनाल्ड ट्रंप ने अप्रैल की शुरुआत में युद्धविराम की समय-सीमा बढ़ा दी थी और ईरान से एक नया शांति प्रस्ताव देने को कहा था, साथ ही सैन्य दबाव और आर्थिक प्रतिबंध भी बढ़ा दिए थे।

शांति वार्ता अभी रुकी हुई है, क्योंकि पिछले महीने दोनों पक्षों की पहली सीधी बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हो गई थी।

इस जलमार्ग की नाकेबंदी की वजह से दुनिया भर में तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है, क्योंकि लगभग 20 प्रतिशत वैश्विक तेल और प्राकृतिक गैस का व्यापार इसी रास्ते से होता है।

इसी बीच, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने सोमवार को बताया कि दो अमेरिकी व्यापारिक जहाज सफलतापूर्वक होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजर चुके हैं।

सेंटकॉम ने सोशल मीड‍िया अकाउंट 'एक्‍स' पर लिखा, “अमेरिकी नौसेना के गाइडेड-मिसाइल डेस्ट्रॉयर इस समय अरब की खाड़ी में ऑपरेशन कर रहे हैं और होर्मुज स्‍ट्रेट से होकर गुजर चुके हैं, ताकि ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ को समर्थन दिया जा सके।”

उन्होंने आगे कहा क‍ि अमेरिकी सेना व्यापारिक जहाजों की आवाजाही को फिर से सामान्य करने में मदद कर रही है। पहले कदम के तौर पर दो अमेरिकी झंडे वाले जहाज सुरक्षित रूप से इस स्‍ट्रेट से गुजर चुके हैं और अपनी यात्रा जारी रख रहे हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter