मध्य पूर्व में बढ़ा तनाव: ईरान-इजरायल तनाव के बीच हूती समूह का समर्थन, इजरायल को दी चेतावनी
यमन के हूती समूह ने कहा है कि वह ईरान की ओर से इजरायल के खिलाफ किए गए सैन्य ऑपरेशन का समर्थन करता है। उसने कहा कि 'एक्सिस ऑफ रेजिस्टेंस' किसी भी नए हालात का सामना करने के लिए लगातार आपसी तालमेल में है।

अदन (यमन), 8 जून । यमन के हूती समूह ने कहा है कि वह ईरान की ओर से इजरायल के खिलाफ किए गए सैन्य ऑपरेशन का समर्थन करता है। उसने कहा कि 'एक्सिस ऑफ रेजिस्टेंस' किसी भी नए हालात का सामना करने के लिए लगातार आपसी तालमेल में है।
हूती समूह के अल-मसीरा टीवी की ओर से रविवार शाम (स्थानीय समय) जारी बयान में कहा गया कि ईरान का यह ऑपरेशन, जो उस दिन बेरूत के दक्षिणी इलाके में इजरायली हवाई हमलों के जवाब में किया गया, 'एकजुट मोर्चों के सिद्धांत' को मजबूत करता है और इजरायल की 'मनमानी' को चुनौती देता है।
शिन्हुआ समाचार एजेंसी के अनुसार, समूह ने कहा वह लगातार संपर्क में है और क्षेत्र में होने वाले बदलावों के अनुसार कदम उठा रहा है। साथ ही उसने इजरायल को किसी भी तरह की स्थिति बिगाड़ने पर चेतावनी दी।
यह बयान तब आया जब ईरान ने रविवार शाम इजरायल की तरफ कई बैचों में मिसाइलें दागीं। इसके बाद उत्तरी इजरायल के बड़े हिस्सों में हवाई हमले के सायरन बजने लगे। इजरायली सेना ने कहा कि उसने इन मिसाइलों को रोक लिया।
इन हमलों के कारण पूरे उत्तरी इजराइल में सायरन बज उठे। हालांकि अभी तक किसी के घायल होने या नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है। इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) के चीफ ऑफ स्टाफ एयाल जामिर ने कहा कि सेना “जैसे ही आदेश मिलेगा, दुश्मन पर पूरी ताकत से जवाबी कार्रवाई करेगी।”
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बयान में पुष्टि की कि उसने इजरायल के रमत डेविड एयरबेस को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया है। यह हमला उसने इजरायल की ओर से लेबनान में 'बड़े पैमाने पर किए गए अपराधों' के जवाब में किया है।
दूसरी ओर इजरायल ने सोमवार तड़के पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हमले किए। ईरान की मिसाइल बौछारों के बाद इजरायल ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। इजरायल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने दावा किया कि इजरायली वायु सेना ने पश्चिमी और मध्य ईरान में सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं।
तेहरान अग्निशमन विभाग के हवाले से आईआरएनए ने बताया कि पश्चिमी तेहरान के निवासियों ने सोमवार तड़के 4:43 बजे और 4:45 बजे दो धमाकों की आवाजें सुनीं। हालांकि, शहर के किसी भी शहरी क्षेत्र में विस्फोट की पुष्टि नहीं हुई।
Source: IANS

