बर्थ टूरिज्म पर अमेरिका का एक्शन, वीजा पाबंदी और फ्रॉड रिपोर्ट करने

वाशिंगटन, 24 सितंबर । अमेरिका ने बर्थ टूरिज्म में शामिल लोगों और इसे बढ़ावा देने वाले नेटवर्क पर वीजा पाबंदी लगाने का ऐलान किया है। साथ ही वीजा फ्रॉड की जानकारी देने के लिए एक नया ऑनलाइन पोर्टल भी शुरू किया है, जिसमें फर्जी नौकरी के ऑफर और फर्जी शादियों जैसे मामलों की रिपोर्ट की जा सकेगी।

कमर्शियल बर्थ टूरिज्म में विदेशी गर्भवती महिलाएं किसी दूसरे देश में केवल इसलिए यात्रा करती हैं ताकि वे वहां अपने बच्चे को जन्म दे सकें। इस प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य बच्चे को उस देश की जन्मजात नागरिकता दिलाना होता है। इसमें 'कमर्शियल' शब्द इसलिए जुड़ा है, क्योंकि इसके पीछे एक पूरा व्यावसायिक नेटवर्क (जैसे वीजा फिक्सर, मेडिकल प्रोवाइडर और ट्रैवल एजेंट) काम करता है, जो पैसों के बदले महिलाओं को वहां रहने, इलाज और बच्चे के जन्म की सुविधाएं की ट्रेनिंग देते हैं।

विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि यह पाबंदी उन लोगों और कमर्शियल नेटवर्क पर लागू होगी जो बच्चे के जन्म के जरिए अमेरिकी नागरिकता हासिल करने के मकसद से अमेरिका की यात्रा कराते हैं। कुछ मामलों में उनके परिवार के सदस्य भी इस दायरे में आ सकते हैं।

मार्को रुबियो ने कहा, "विदेशी कमर्शियल बर्थ टूरिज्म नेटवर्क ने अमेरिकी इमिग्रेशन सिस्टम का गलत फायदा उठाकर पैसे के लिए अमेरिकी नागरिकता बेची है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेटवर्क विदेशी नागरिकों को वीजा आवेदन में झूठ बोलने की ट्रेनिंग देते हैं और सिर्फ अमेरिकी नागरिकता पाने के लिए अमेरिकी धरती पर जन्म की व्यवस्था करने के लिए हजारों डॉलर वसूलते हैं।

मार्को रुबियो ने कहा कि यह नई नीति इमिग्रेशन एंड नेशनैलिटी एक्ट की धारा 212(ए)(3)(सी) के तहत लाई जा रही है। जिन लोगों को टारगेट किया जाएगा उनमें कमर्शियल बर्थ टूरिज्म नेटवर्क के मालिक, संचालक और मैनेजर शामिल हैं, साथ ही वे बिचौलिए भी जो आवेदकों को वीजा फ्रॉड करने की कोचिंग देते हैं।

मार्को रुबियो ने कहा कि यह नीति उन लोगों पर लागू होती है जो जानबूझकर बर्थ टूरिज्म में शामिल हैं, पहले शामिल रहे हैं या इसे सुविधाजनक बनाते हैं। उन्होंने किसी व्यक्तिगत मामले का ब्योरा नहीं दिया।

विदेश विभाग ने कहा, "कुछ परिवार के सदस्य भी इन पाबंदियों के दायरे में आ सकते हैं," हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया कि कौन से रिश्तेदार और किन परिस्थितियों में यह लागू होगा।

मार्को रुबियो ने इस कदम को नागरिकता, सार्वजनिक लाभों और करदाताओं के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रयास के रूप में बताया।

अलग से विदेश विभाग ने संदिग्ध वीजा फ्रॉड और दुरुपयोग के बारे में जानकारी देने के लिए आम जनता के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल की घोषणा की।

विभाग ने जाली दस्तावेज और यात्रा योजनाएं, फर्जी शादियों की व्यवस्था करने वाले दलाल, फर्जी कंपनियां और मनगढ़ंत नौकरी के प्रस्तावों को उन योजनाओं में सूचीबद्ध किया है जिनका वह पता लगाना चाहता है। इसकी सूची में बर्थ टूरिज्म में भागीदारी या इसे सुविधाजनक बनाना भी शामिल है।

पोर्टल की घोषणा में कहा गया कि कांसुलर अफेयर्स ब्यूरो धोखाधड़ी के जरिए या अवैध उद्देश्यों के लिए अमेरिका की यात्रा के प्रयासों को रोकने के लिए फ्रॉड का पता लगाने और रोकथाम की गतिविधियां चला रहा है।

संभावित कार्रवाई में वीजा रद्द करना और आगे की कानून प्रवर्तन जांच के लिए रेफरल शामिल हैं। विभाग ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान वीजा धोखाधड़ी के लिए जिन हजारों लोगों की पहचान की गई और उन्हें जवाबदेह ठहराया गया, उनमें से कई का पता जनता की सूचना से चला। घोषणा में उन मामलों या की गई कार्रवाई का ब्योरा नहीं दिया गया।

विभाग ने कहा, "यह नया ऑनलाइन टूल जनता के लिए तुरंत समीक्षा और कार्रवाई के लिए महत्वपूर्ण जानकारी जमा करने का एक सुविधाजनक और भरोसेमंद तरीका प्रदान करता है।"

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter