जापान के इवाते में 7.2 तीव्रता के भूकंप से कई इलाकों में दहशत, चार लोग घायल

टोक्यो, 25 जून । स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वोत्तर जापान में गुरुवार सुबह 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आने से कम से कम चार लोग घायल हो गए। भूकंप के झटके कई इलाकों में महसूस किए गए, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।

स्थानीय समयानुसार गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता को प्रारंभिक 6.9 से बढ़ाकर 7.2 कर दिया गया। इवाते प्रीफेक्चर के पूर्वी तट के पास लगभग 40 किलोमीटर की गहराई में आए इस भूकंप की तीव्रता जापान के 7-स्तरीय भूकंपीय पैमाने पर हाशिकामी टाउन में 'अपर 6' और हाचिनोहे सिटी में 'लोअर 6' दर्ज की गई। यह जानकारी जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने दी।

मौसम एजेंसी के अनुसार, 'अपर 6' तीव्रता का मतलब है कि लोगों के लिए खड़े रहना या बिना रेंगते हुए चलना लगभग असंभव हो जाता है। इस स्तर के झटकों में बिना जकड़े हुए अधिकांश फर्नीचर अपनी जगह से खिसक जाते हैं और कई वस्तुएं गिर सकती हैं।

जेएमए के अनुसार, भूकंप का असर होक्काइडो, अकिता प्रीफेक्चर, फुकुशिमा प्रीफेक्चर, मियागी प्रीफेक्चर, यामागाता प्रीफेक्चर, टोक्यो और उसके आसपास के क्षेत्रों में भी महसूस किया गया।

भूकंप के बाद किसी प्रकार की सुनामी चेतावनी जारी नहीं की गई। हालांकि, प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को समान तीव्रता वाले संभावित आफ्टरशॉक्स के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

संयंत्र संचालकों के अनुसार, हिगाशिदोरी परमाणु ऊर्जा संयंत्र, ओनागावा परमाणु ऊर्जा संयंत्र, फुकुशिमा दाइइची परमाणु ऊर्जा संयंत्र और फुकुशिमा दाइनी परमाणु ऊर्जा संयंत्र में कोई असामान्यता दर्ज नहीं की गई। भूकंप का केंद्र 40.2 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 142.3 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।

एक अलग घटनाक्रम में, दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में भी कुछ ही मिनटों के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए, जिनके झटके राजधानी काराकास में महसूस किए गए।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार, बुधवार रात 2204 GMT पर 7.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके केवल एक मिनट बाद 7.5 तीव्रता का और भी शक्तिशाली झटका दर्ज किया गया। दोनों भूकंप काराकास से लगभग 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित तटीय नगर मोरोन के निकट आए।

दोनों भूकंपों की गहराई केवल 10 किलोमीटर थी, जिससे उनके विनाशकारी प्रभाव बढ़ने की आशंका जताई गई है।

इन शक्तिशाली भूकंपों से व्यापक नुकसान होने के बाद वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश में आपातकाल की घोषणा कर दी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement