लेबनान पर इजरायली हमले जारी, आईडीएफ ने नबातीह में घर खाली करने की दी चेतावनी

बेरूत, 26 मई । दक्षिणी लेबनान पर इजरायली हमले जारी हैं। इस बीच इजरायली सेना ने एक्स पर हिब्रू भाषा में बयान जारी कर नबातीह के लोगों को तुरंत अपने घर खाली कराने का आदेश जारी किया गया है।

इजरायली मिलिट्री के एक प्रवक्ता ने एक्स पर अरबी में बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि इजरायली मिलिट्री ने दक्षिणी लेबनान के शहर नबातीह के लोगों को तुरंत अपने घर खाली करने और ज़हरानी नदी के उत्तर में जाने का आदेश दिया है।

इसमें कहा गया, “जो कोई भी हिज्बुल्लाह के गुर्गों, ठिकानों या मिलिट्री के सामान के पास रहता है, वह अपनी जान जोखिम में डाल रहा है।”

इस बीच आईडीएफ ने एक्स पोस्ट में दावा किया कि उसने सोमवार रात भर लेबनान में 100 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए, जिसमें बेका वैली और दक्षिणी लेबनान के अलग-अलग हिस्से शामिल हैं।

इसमें कहा गया कि हमलों में हिज्बुल्लाह के हथियार डिपो, ऑब्जर्वेशन पोस्ट और कमांड सेंटर को निशाना बनाया गया। आईडीएफ ने मशघरा क्षेत्र में कई हमले करने की बात भी स्वीकार की। लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी ने यहां 12 लोगों के मारे जाने की खबर दी।

एक दिन पहले यानी 25 मई को लेबनान ने 'रेजिस्टेंस एंड लिबरेशन डे' का जश्न मनाया। ये दिवस वर्ष 2000 में दक्षिणी लेबनान पर 22 साल के इजरायली कब्जे को समाप्त करने की याद में मनाया जाता है। इस दिन राष्ट्रपति जोसेफ औन ने कहा कि लेबनान की सबसे बड़ी मांग इजरायली सेना की पूर्ण वापसी है। उनके मुताबिक सरकार बातचीत के जरिए इस लक्ष्य को हासिल करने की कोशिश में जुटी है।

राष्ट्रपति के अनुसार, यह बातचीत किसी समझौते या आत्मसमर्पण के लिए नहीं हो रही, बल्कि लेबनान की जमीन, संप्रभुता और सुरक्षा के अधिकार को स्थापित और मजबूत करने के लिए हो रही है।

2 मार्च 2026 से ही इजरायल ने हिज्बुल्लाह के खिलाफ अभियान शुरू किया। दक्षिणी लेबनान के कई इलाकों में सीजफायर के बावजूद हमले जारी हैं। लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन हमलों में अब तक तीन हजार से ज्यादा लोग मारे गए हैं।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement