दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर इजरायली सेना ने बरसाए बम, दो की मौत

बेरूत, 28 मई । दक्षिणी लेबनान के डेर आमेस में हिजबुल्लाह के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए इजरायली हवाई हमले में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। लेबनान की नेशनल न्यूज एजेंसी ने यह जानकारी दी।

दक्षिणी लेबनान में इजरायल की कार्रवाई के बीच ये हवाई हमले किए गए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, लेबनान के सिविल डिफेंस विभाग ने बताया कि बचाव दलों ने कस्बों में हवाई हमलों से क्षतिग्रस्त इमारतों में फंसे 29 नागरिकों को सुरक्षित निकाला।

इजरायली सेना ने नबातीह के निवासियों को क्षेत्र खाली करने के लिए चेतावनी जारी की है। कफरहूना, आरामता, म्लिटा, जरजुआ और हौमीन अल फवका कस्बों के लिए भी ऐसी ही चेतावनियां जारी की गईं।

वहीं, हिजबुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने दक्षिणी लेबनान के जवतर अल शर्किया इलाके में इजरायली सेना और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। संगठन ने दावा किया कि उसने बुसतान जट्टम के पास एक इजरायली मर्कावा टैंक पर ड्रोन से हमला किया। इसके अलावा ताल्लेत अल खज्जान और इलाके की नदी के पास मौजूद इजरायली सैनिकों और वाहनों पर रॉकेट दागे गए।

हिजबुल्लाह ने यह भी कहा कि उसके लड़ाकों ने जवतर अल शर्किया स्थित स्काउट कॉम्प्लेक्स के पास इजरायली सैनिकों के साथ आमने-सामने की लड़ाई की। इस दौरान हल्के और मध्यम हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे इजरायली सैनिक पीछे हट गए। इसके बाद इजरायली सेना ने इलाके में भारी बमबारी की।

इसके साथ ही, इजरायली लड़ाकू विमानों ने तटीय शहर टायर के उत्तर में अब्बासियेह के प्रवेश द्वार पर मौजूद मशरुआ अल रूज इलाके की एक इमारत पर दूसरा हमला किया, जिससे इमारत पूरी तरह तबाह हो गई। इसके अलावा टायर और शहर के दक्षिण में स्थित राशिदियेह फिलिस्तीनी शरणार्थी शिविर पर भी हवाई हमले किए गए।

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 2 मार्च से अब तक इजरायली हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 3,269 हो गई है, जबकि 9,840 लोग घायल हुए हैं। यह आंकड़ा 27 मई तक का है।

वहीं, फिलिस्तीन रेड क्रिसेंट सोसायटी के अनुसार बुधवार शाम गाजा सिटी के मध्य इलाके में एक घर पर हुए इजरायली हवाई हमले में कम से कम सात फिलिस्तीनियों की मौत हो गई और 18 अन्य घायल हो गए। दूसरी ओर, इजरायली सेना ने कहा कि उसने गाजा में हमास के दो वरिष्ठ नेताओं को निशाना बनाया था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement