बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर इजरायली हमला, आईडीएफ का दावा 135 ठिकानों को बनाया निशाना

बेरूत, 28 मई । सीजफायर के बावजूद लेबनान के खिलाफ इजरायली हमले जारी हैं। इजरायल डिफेंस फोर्सेस ने दावा किया है कि उन्होंने दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्लाह के 135 ठिकानों को निशाना बनाया है।

सेना के मुताबिक, बेक्का और दक्षिणी लेबनान में मौजूद लगभग 10 लॉन्च साइट्स, जिनका इस्तेमाल इजरायल पर हमलों के लिए किया जा रहा था, उन्हें नष्ट किया गया। इसके अलावा एक प्रशिक्षण शिविर और टायर क्षेत्र में 15 अन्य बुनियादी ढांचे से जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई की गई।

इजरायली सेना ने दावा किया कि उसने एक कथित "आतंकी सेल" को भी निशाना बनाया, जो कथित तौर पर हिज्बुल्लाह के लॉन्च बेस से बाहर निकल रहा था।

हालांकि, इन हमलों में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। लगातार बढ़ते हमलों के कारण पूरे क्षेत्र में तनाव और गहराता जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला चुएइफात इलाके के पास एक रिहायशी इमारत को निशाना बनाकर किया गया। सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया में सामने आई तस्वीरों में इमारतों के ऊपर घना धुआं उठता दिखाई दिया। इस हमले के निशाने पर हिज्बुल्लाह की मिसाइल यूनिट के प्रमुख अली अल-हुसैनी थे।

इजरायल ने इससे पहले 6 मई को भी बेरूत के दक्षिणी उपनगरों, जिन्हें दहियाह के नाम से जाना जाता है, पर हमला किया था। इस बीच, लेबनान की सरकारी समाचार एजेंसी नेशनल न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इजरायली बलों ने सीमा से लगे कई कस्बों में नई जमीनी घुसपैठ की है।

रिपोर्ट के अनुसार, जिन इलाकों को निशाना बनाया गया उनमें तबनीन, कलैला, कफरदूनिन, शाकरा, अर-रामादियाह और दीर आमेस शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि इजरायली सेना ने इन इलाकों में सैन्य अभियान के तहत तलाशी और लक्षित कार्रवाई की। हालांकि, इन अभियानों के दौरान हुए नुकसान या हताहतों को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच संघर्ष लगातार बढ़ता जा रहा है। हाल के दिनों में सीमा पार हमलों, हवाई कार्रवाई और मिसाइल हमलों में तेजी देखी गई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement