पीओके चुनाव के दौरान हिंसा और धांधली के आरोपों के बीच एक की मौत, कई घायल

नई दिल्ली, 28 जुलाई । स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में चुनाव के पहले चरण के दौरान हिंसक झड़पें, चुनावी धांधली के आरोप और एक राजनीतिक कार्यकर्ता की हत्या जैसी घटनाएं हावी रहीं। गठबंधन सहयोगियों ने एक-दूसरे पर चुनावी प्रक्रिया को कमजोर करने का आरोप लगाया।

वोटिंग के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए, जबकि पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) ने एक-दूसरे पर हिंसा और चुनावी गड़बड़ी के आरोप लगाए।

पीपीपी ने आरोप लगाया कि नक्याल में वोटिंग के दौरान कोटली जिले में उसके 35 वर्षीय कार्यकर्ता मुख्तार यूनुस की हत्या कर दी गई और पीएमएल-एन समर्थकों पर गोलीबारी करने का आरोप लगाया। पार्टी ने एक बयान में कहा, "पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) के उम्मीदवारों की ओर से हुई गोलीबारी की घटनाओं में हमारी पार्टी के कार्यकर्ता मुख्तार यूनुस की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।"

पीपीपी के चेयरमैन बिलावल भुट्टो-जरदारी ने हत्या पर दुख जताया और अधिकारियों की प्रतिक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूछा, "संबंधित अधिकारी कहां हैं? चुनाव आयोग क्या कर रहा है?"

एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, सिंध के स्थानीय सरकार मंत्री सईद घानी ने पीएमएल-एन पर हिंसा भड़काने का आरोप लगाया।

'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' की रिपोर्ट के अनुसार, "संघीय सरकार में गठबंधन सहयोगी पीएमएल-एन और पीपीपी ने एक-दूसरे पर धांधली के आरोप लगाए, जबकि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में एक पार्टी कार्यकर्ता की मौत ने चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित किया।"

'द एक्सप्रेस ट्रिब्यून' के अनुसार, घानी ने कहा कि "नक्याल में वोटिंग के दौरान पार्टी कार्यकर्ता 35 वर्षीय मुख्तार यूनुस की मौत हो गई थी और आरोप लगाया कि पार्टी को ऐसी जानकारी मिली थी जिससे पता चलता है कि गोलीबारी पीएमएल-एन उम्मीदवार या उनके समर्थकों की ओर से की गई थी। साथ ही उन्होंने कहा कि पीपीपी के कई कार्यकर्ता भी घायल हुए हैं।"

पीओके में वोटिंग का पहला चरण सोमवार को हुआ, जिसमें 14 लाख से ज्यादा रजिस्टर्ड वोटर थे। भीमबर, मीरपुर और कोटली जिलों की 13 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हुई।

पीओके सरकार ने वोटरों से बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की है और वोटिंग के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। पीएमएल-एन, पीपीपी और इस्तेहकाम-ए-पाकिस्तान पार्टी (आईपीपी) मैदान में मौजूद प्रमुख पार्टियों में शामिल हैं। चुनाव के पहले चरण में जिन 13 सीटों पर वोटिंग होनी है, उनके लिए लगभग 300 उम्मीदवार मैदान में हैं।

एक अधिकारी ने दावा किया कि पीओके में चुनाव की प्रक्रिया सिर्फ दिखावा है, क्योंकि नतीजे पहले ही पाकिस्तान की सेना तय कर चुकी है।

फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के नेतृत्व में सेना ने यह पक्का करने में अहम भूमिका निभाई है कि पाकिस्तान सरकार पीओके के लोगों की मांगों के आगे न झुके। अधिकारी ने कहा कि सेना पीओके के राजनीतिक माहौल पर पूरा कंट्रोल रखना चाहती है ताकि वह भविष्य में होने वाले किसी भी विरोध-प्रदर्शन को ताकत के दम पर कुचल सके।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement