झारखंडः जेपीएससी की परीक्षाओं में गड़बड़ियों पर राज्यपाल सख्त, जांच

रांची, 1 मई । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने झारखंड लोक सेवा आयोग की कार्यप्रणाली और हालिया परीक्षाओं में सामने आई गंभीर लापरवाहियों पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। राजभवन की ओर से इस संबंध में आयोग के अध्यक्ष को एक पत्र भेजकर कड़ी नाराजगी जताई गई है और परीक्षाओं में हुई त्रुटियों की जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।

राज्यपाल के निर्देश पर भेजे गए इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सहायक वन संरक्षक (ACF) की मुख्य परीक्षा और सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा के प्रश्न-पत्रों में दर्जनों गलतियाँ पाई गई हैं। इतना ही नहीं, आयोग द्वारा जारी की गई प्रारंभिक उत्तर-कुंजी में भी कई उत्तर गलत पाए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि इस तरह की गलतियां न केवल अभ्यर्थियों के बीच भ्रम पैदा करती हैं, बल्कि पूरी चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर भी गंभीर चोट करती हैं।

राज्यपाल ने इसे आयोग की साख के लिए अत्यंत चिंताजनक करार दिया है। राज्यपाल ने आयोग को निर्देशित किया है कि इन तमाम प्रकरणों की बारीकी से जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि इसके लिए जिम्मेदार कौन है। उन्होंने दोषी व्यक्तियों और अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है।

राजभवन ने दो-टूक शब्दों में कहा है कि भविष्य में ऐसी गलतियों की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए परीक्षा संचालन की पूरी प्रक्रिया में आवश्यक सुधारात्मक और सतर्कतापूर्ण उपाय अपनाने पर बल दिया गया है।

गौरतलब है कि बीते अप्रैल महीने में आयोजित जेपीएससी सिविल सर्विस परीक्षा और सहायक वन संरक्षक परीक्षा के प्रश्न-पत्रों में भारी त्रुटियां उजागर हुई थीं। वहीं, पिछले हफ्ते आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा में भी कुप्रबंधन का चरम दिखा था, जहां कई केंद्रों पर प्रश्न-पत्र समय पर नहीं पहुँचे और कई जगह प्रश्न-पत्रों की छपाई इतनी अस्पष्ट थी कि अभ्यर्थियों के लिए उन्हें पढ़ना भी मुश्किल था।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter