हैदराबाद में दर्दनाक हादसा: ट्रक से टकराई कार, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

हैदराबाद, 1 मई । हैदराबाद के बाहरी इलाके में आउटर रिंग रोड (ओआरआर) पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

यह हादसा शमशाबाद क्षेत्र में ओआरआर एग्जिट-16 के पास हुआ। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार वैगनआर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के नीचे फंस गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कार में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चे और एक महिला भी शामिल हैं। हादसे में घायल महिला को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राहगीरों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ट्रक के नीचे फंसी कार को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी उस्मानिया जनरल अस्पताल भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि मृतक तेलंगाना के राजन्ना सिरसिल्ला जिले के रहने वाले थे और हैदराबाद के सनतनगर क्षेत्र में रहते थे। परिवार यदाद्रिगुट्टा मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

मौके पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उन्होंने मदद के लिए चीख रही एक महिला को कार से बाहर निकाला, जिसके बाद उसे एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

चेवेल्ला के पुलिस उपायुक्त योगेश गौतम समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को झपकी आने के कारण यह दुर्घटना हुई।

158 किलोमीटर लंबा आउटर रिंग रोड पिछले कुछ वर्षों में लगातार घातक हादसों के लिए चर्चा में रहा है। पिछले पांच वर्षों में यहां 375 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement