तेलंगाना : आदिलाबाद के रिम्स अस्पताल में भीषण आग, 2 नवजात की मौत, 28

आदिलाबाद, 22 सितंबर । तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के रिम्स अस्पताल में सोमवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एनएससीयू) में रात करीब 11:50 बजे अचानक आग लग गई। इस हादसे में मरने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। जबकि वार्ड में भर्ती 28 अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस दुखद घटना की औपचारिक जांच के आदेश दिए हैं और अधिकारियों को आग लगने के कारण पर तुरंत रिपोर्ट सौंपने को कहा है।

फायर अधिकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही आपातकालीन कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की। मौके पर दमकल की गाड़ी भेजी गई और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अगर समय पर रेस्क्यू ऑपरेशन नहीं चलाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना अस्पताल प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े करती है, क्योंकि स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट जैसे संवेदनशील वार्ड में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।

इस हादसे को लेकर बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री के. टी. रामा राव (केटीआर) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए गहरा दुख जताया। उन्होंने लिखा, "रिम्स आदिलाबाद के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट में आग लगने की घटना के बारे में जानकर गहरा सदमा और दुख हुआ। इस हादसे में एक नवजात शिशु की मौत हो गई है और 20 से ज्यादा बच्चे प्रभावित हुए हैं। सभी बच्चों की सलामती के लिए मेरी प्रार्थनाएं हैं।"

प्रशासन ने मृतक नवजात के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है और घायल या प्रभावित बच्चों को बेहतर इलाज देने की बात कही है। साथ ही अस्पताल के फायर सेफ्टी सिस्टम की भी जांच के आदेश दिए गए हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल अस्पताल में स्थिति नियंत्रण में है और अन्य वार्डों में भर्ती मरीजों को सुरक्षित रखा गया है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter