झारखंड के गिरिडीह में यूको बैंक में भीषण डाका, चार करोड़ का सोना और

गिरिडीह, 5 नवंबर । झारखंड के गिरिडीह जिले के राजधनवार में गुरुवार को अपराधियों ने थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित यूको बैंक में दिनदहाड़े बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम दिया। पांच हथियारबंद अपराधियों ने बैंककर्मियों और ग्राहकों को बंधक बनाकर करीब 20 मिनट के भीतर तीन से चार करोड़ रुपये मूल्य का सोना और आठ से दस लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद सभी अपराधी फरार हो गए। इतनी बड़ी लूट की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया है।

बैंक के शाखा प्रबंधक राहुल कुमार गौर ने बताया कि गुरुवार दोपहर 1:40 बजे पांच अपराधी बैंक में दाखिल हुए। इनमें एक हेलमेट पहने अपराधी मुख्य दरवाजे पर निगरानी करता रहा जबकि चार नकाबपोश हथियारबंद अपराधी बैंक के अंदर घुस गए। उन्होंने मैनेजर सहित कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों पर बंदूक तान दी। अपराधियों ने बैंक मैनेजर और कर्मचारियों को वॉल्ट के बाहर बैठा दिया। इसके बाद सभी के हाथ पीछे की ओर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपकाकर उन्हें बंधक बना लिया।

बंदूक की नोक पर मैनेजर से वॉल्ट की चाबी मांगी गई और फिर उनसे ही वॉल्ट खुलवाया गया। उस समय बैंक में दो ग्राहक भी मौजूद थे। इस बीच दो ग्राहक बैंक पहुंचे, अपराधियों ने उन्हें भी अपने कब्जे में लेकर उनके हाथ-मुंह बांध दिए। शाखा प्रबंधक के अनुसार, अपराधियों ने वॉल्ट में रखे सोने और नकदी को अपने कब्जे में ले लिया। लूटे गए सोने की कीमत शुरुआती तौर पर तीन से चार करोड़ रुपये आंकी जा रही है जबकि नकदी करीब आठ से दस लाख रुपये बताई गई है।

हालांकि, लूटे गए सोने और नकदी की वास्तविक मात्रा का आकलन किया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर बॉक्स भी तोड़कर अपने साथ ले गए, ताकि घटना से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिटाए जा सकें।

बैंक प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थाने से इतनी कम दूरी पर बैंक में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस बैंककर्मियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter