टाइगर श्रॉफ पर हमले से पहले कई बार की थी रेकी, दो-दो के ग्रुप में

मुंबई, 19 अक्टूबर । बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में मुंबई पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने से पहले उनके घर और फुटबॉल ग्राउंड की कई बार रेकी की थी।

मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "आरोपियों ने टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने से पहले उनके घर की भी कई बार रेकी की थी। आरोपी दो-दो के ग्रुप में जाकर रेकी करते थे ताकि किसी को शक न हो।"

अधिकारी ने आगे बताया कि टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर लगे सीसीटीवी में आरोपी उनके घर के बाहर घूमते हुए नजर आए हैं। पुलिस और भी पुराने सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि पता लगाया जा सके कि ये लोग कितनी बार टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर रेकी करने पहुंचे थे।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने सिर्फ घर ही नहीं, बल्कि उस फुटबॉल ग्राउंड की भी रेकी की थी, जहां टाइगर श्रॉफ खेलने जाते हैं। अधिकारी ने बताया, "पिछले रविवार को भी आरोपियों ने फुटबॉल ग्राउंड की रेकी की थी, जहां टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने गए थे।"

बताया जा रहा है कि पूरी साजिश को बहुत ही सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया। आरोपी भीड़ में घुल-मिलकर टाइगर की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे। पुलिस को शक है कि हमलावर टाइगर श्रॉफ के डेली रूटीन को समझने की कोशिश कर रहे थे।

अभिनेता पर हुए हमले के सिलसिले में राजस्थान के कोटा से तीन लोग हिरासत में लिए गए हैं। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में दो हमलावर भी शामिल हैं। वहीं, एक आरोपी नाबालिग है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि राजस्थान एजीटीएफ और कोटा सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर तीनों शूटरों को दबोचा। जानकारी के मुताबिक, तीनों आरोपी पुणे-जयपुर एक्सप्रेस पर सफर कर रहे थे। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए उन्हें धर दबोचा। वहीं, मुंबई पुलिस ने जुहू इलाके में सभी वीआईपी और मशहूर हस्तियों की सुरक्षा बढ़ा दी है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter