विजयदशमी पर मनोज सिन्हा और पुष्कर सिंह धामी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। देशभर में विजयदशमी का पर्व मंगलवार यानी 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड वासियों को विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई तथा असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर जीवन में सदाचार की राह पर चलने की प्रेरणा देता है। आज जरूरत इस बात की है कि हम अपने जीवन में अहंकार से मुक्त होकर सच्चाई के रास्ते पर चलें और प्रदेश व देश की सामाजिक समरसता के लिए मिलजुल कर कार्य करें।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पावन पर्व हमें इस बात का भी स्मरण कराता है कि सच्चाई का साथ देने वालों की हमेशा जीत होती है।
इस पावन पर्व पर भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को आत्मसात कर जीवन को सार्थक बनाने की प्रदेशवासियों से अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्म और सत्य की विजय के इस मंगल पर्व पर प्रभु श्रीराम से यही प्रार्थना है कि सब सुखी हों, सबका कल्याण हो, हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आए।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विजयदशमी की पूर्व संध्या पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी हैं। एक संदेश में उपराज्यपाल ने कहा, "विजयदशमी के शुभ अवसर पर मैं सभी को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।"
उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व, जो देश के विभिन्न भागों में दशहरा और दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाता है, बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन इन शाश्वत गुणों का उदाहरण है और हमें सदाचारी जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है। यह विजयदशमी, दशहरा और दुर्गा पूजा सभी के लिए शांति, सुख और समृद्धि लाए।
Source: IANS