पीएम मोदी ने मेलोनी को कहा 'थैंक यू', भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी मजबूत करने का जताया भरोसा

नई दिल्ली, 10 जून । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा दोनों देशों और उनके नागरिकों के पारस्परिक हितों के लिए इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उत्सुक हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "प्रधानमंत्री मेलोनी, आपकी हार्दिक शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मैं भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी की मजबूत गति को आगे बढ़ाने और हमारे दोनों देशों एवं नागरिकों के पारस्परिक हित में इसे और सशक्त बनाने के लिए उत्सुक हूं।"

इससे पहले इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी थी। उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर साझा करते हुए इसे एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक उपलब्धि बताया था।

मेलोनी ने हाल ही में रोम में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा था कि दोनों नेताओं ने भारत और इटली के बीच "विशेष रणनीतिक साझेदारी" की शुरुआत की है, जो भविष्य में दोनों देशों और उनके नागरिकों के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगी।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19-20 मई को आधिकारिक यात्रा पर इटली गए थे। उस दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने एक्स पर उनका स्वागत करते हुए लिखा था, "रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!" दोनों नेताओं की मुलाकात के दौरान सुरक्षा, महत्वपूर्ण खनिज (क्रिटिकल मिनरल्स) और स्वास्थ्य समेत करीब 15 अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए थे। साथ ही वर्ष 2027 को भारत-इटली 'ईयर ऑफ कल्चर एंड टूरिज्म' के रूप में मनाने का निर्णय भी लिया गया था।

इटली दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच एक हल्का-फुल्का "मेलोडी" पल भी चर्चा में रहा था, जब प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इतालवी समकक्ष को 'मेलोडी' टॉफी उपहार में दी थी। इस पर मेलोनी ने मुस्कुराते हुए इसे बेहद खास और पसंदीदा उपहार बताया था।

बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद पर लगातार 4,399 दिनों का कार्यकाल पूरा करते हुए भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड बनाया। इस अवसर पर दुनिया के कई देशों के नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। मालदीव के राष्ट्रपति, भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके, पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे, त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला बिसेसर सहित कई वैश्विक नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए भारत के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता जताई है।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter

Advertisement