आईएमए POP: पहली बार 9 महिला कैडेट बनीं अफसर, 481 नए अधिकारी बने, 16

देहरादून, 13 जून। भारतीय सैन्य अकादमी (IMA) देहरादून में शनिवार को 158वीं पासिंग आउट परेड (POP) भव्य समारोह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर राष्ट्रपति मुर्मू एवं भारतीय सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने परेड की सलामी ली, कैडेट्स का निरीक्षण किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया।

इस बार अकादमी से कुल 515 जेंटलमैन कैडेट पास आउट हुए, जिनमें भारतीय सेना के लिए 481 नए सैन्य अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा 16 मित्र देशों के 34 विदेशी कैडेट भी प्रशिक्षण पूरा कर अपने-अपने देशों की सेनाओं में अधिकारी बने। इस बैच की विशेष उपलब्धि यह रही कि पहली बार 9 महिला कैडेट भी प्रशिक्षण पूर्ण कर सैन्य अधिकारी बनीं।

सुबह आयोजित परेड में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विशेष बग्गी ‘पटियाला कोच’ में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। ऑफिसर कैडेट विशाल कुमार ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर और गोल्ड मेडल दोनों अपने नाम किए। वहीं प्रिंस राज को सिल्वर मेडल और तेजस भट्ट को ब्रॉन्ज मेडल प्रदान किया गया।

तकनीकी स्नातक पाठ्यक्रम (TGC) में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हृषभ मिश्रा को सिल्वर मेडल मिला, जबकि करण पांडेय को टीईएस कोर्स में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। स्पेशल कमीशन ऑफिसर्स (SCO) श्रेणी में बोधराज थापा को गोल्ड मेडल प्रदान किया गया। विदेशी कैडेट्स में बांग्लादेश के जैफ सादिद अल्वी को सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट चुना गया। वहीं प्रतिष्ठित चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर इंफाल कंपनी के नाम रहा।

राष्ट्रपति के संबोधन के बाद कैडेट्स ने ‘अंतिम पग’ की परंपरा निभाते हुए सैन्य अकादमी से विदाई ली और भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में अपने नए जीवन की शुरुआत की। इस दौरान हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति और गौरव के भाव से भर उठा। इसके बाद पारंपरिक पीपिंग सेरेमनी आयोजित की गई, जिसमें नव नियुक्त अधिकारियों के कंधों पर रैंक सजाई गई।

सम्मानित कैडेट्स:

स्वॉर्ड ऑफ ऑनर एवं गोल्ड मेडल: विशाल कुमार

सिल्वर मेडल: प्रिंस राज

ब्रॉन्ज मेडल: तेजस भट्ट

टीजीसी सिल्वर मेडल: हृषभ मिश्रा

टीईएस सिल्वर मेडल: करण पांडेय

एससीओ गोल्ड मेडल: बोधराज थापा

सर्वश्रेष्ठ विदेशी कैडेट: जैफ सादिद अल्वी (बांग्लादेश)

चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ बैनर: इंफाल कंपनी

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Advertisement

Advertisement

Get Newsletter