राष्ट्र के लिए काम करते हुए आगे बढ़ते रहना ही संघ का रास्ता : मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने दिल्ली में आयोजित 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक पहचान, लोकतंत्र और विश्व में देश की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से बात की।
नई दिल्ली, 29 नवंबर । राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने दिल्ली में आयोजित 'राष्ट्र वंदनम' कार्यक्रम में भारत की राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक पहचान, लोकतंत्र और विश्व में देश की बढ़ती भूमिका पर विस्तार से बात की।
उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया का अग्रणी राष्ट्र बनाने की इच्छा आज समाज में, खासकर युवाओं में, दिखाई दे रही है। इसके लिए देश को संवाद, मार्गदर्शन और स्पष्ट उद्देश्य की जरूरत है। व्यक्ति, परिवार, जाति, भाषा, प्रदेश और राजनीतिक दल से पहले राष्ट्र आता है। संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम अब समाप्त हो चुके हैं।
उन्होंने दिल्ली प्रांत में हुए कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि देशभर में भी इसी तरह उत्साह के साथ आयोजन किए गए। हालांकि, संघ ने अपनी तपस्या को उत्सव का विषय नहीं बनाया। इस वर्ष का उपयोग समाज से संवाद बढ़ाने, संपर्क का दायरा विस्तार करने, अधिक से अधिक लोगों तक विचार पहुंचाने और जमीनी गतिविधियों को बढ़ाने के लिए किया गया।
उन्होंने बताया कि कई कार्यक्रम समाज की ओर से भी आयोजित किए गए। हिंदू समाज ने प्रत्येक मंडल और मोहल्ले में समितियां बनाईं। देशभर में उत्साह देखने को मिला और युवाओं में भारत को विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने की आकांक्षा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में क्षमता है, उन्हें केवल सही दिशा और उद्देश्य की स्पष्टता चाहिए।
मोहन भागवत ने कहा कि व्यक्ति, परिवार, जाति, प्रदेश, भाषा, पंथ, संप्रदाय और राजनीतिक दल की पहचान अपनी जगह है, लेकिन इन सभी से पहले देश है। उन्होंने महात्मा गांधी के विचार का जिक्र करते हुए कहा कि हिंदुत्व सत्य की निरंतर खोज का नाम है। इस खोज की तपस्या करते-करते हिंदू समाज थक गया है, जिसके कारण आज की स्थिति बनी है। जब समाज विश्राम के बाद जागेगा, तो पहले से अधिक तेजस्विता और पराक्रम के साथ दुनिया में अपनी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत की विविधता को देखकर पश्चिमी देशों के लोग कभी आश्चर्यचकित होते थे। आजादी के समय कई पश्चिमी विशेषज्ञों को लगता था कि भारत लंबे समय तक एकजुट नहीं रह पाएगा और लोग आपस में लड़कर फिर पश्चिमी देशों से शासन करने की मांग करेंगे। लेकिन भारत सदियों से एक राष्ट्र रहा है। यहां कुछ मतभेद और टकराव होना नई बात नहीं है। कुछ लोग विविधताओं का लाभ उठाकर समाज में स्थायी विभाजन पैदा करना चाहते हैं, लेकिन यह भारत का स्वभाव नहीं है। संकट के समय सभी भेदभाव समाप्त हो जाते हैं। विदेशी आक्रमण की खबर मिलते ही सीमा पर लड़ने वाले सैनिक से लेकर गलियों में भिक्षा मांगने वाले व्यक्ति तक, सभी अपने-अपने स्थान पर देश की रक्षा में जुट जाते हैं। जरूरत इस एकता को स्थायी रूप से व्यवहार में उतारने की है।
मोहन भागवत ने कहा कि भारत ने लोकतंत्र की कठिन परीक्षाओं को पार करते हुए उसे आज तक कायम रखा है। पश्चिमी देशों का दावा रहा कि उन्होंने भारत को लोकतंत्र सिखाया, लेकिन भारत ने अपनी परिस्थितियों में लोकतांत्रिक व्यवस्था को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया। आर्थिक क्षेत्र में भारत की तेज प्रगति भी दुनिया के लिए आश्चर्य का विषय है।
उन्होंने बताया कि संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने पांचों महाद्वीपों में संपर्क और संवाद का प्रयास किया। इसका उद्देश्य भारत, हिंदुत्व और संघ के बारे में फैलाए जा रहे एकतरफा प्रचार का जवाब देना था। भागवत के अनुसार, विदेशों में आम लोगों, अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों, युवाओं और नेताओं के बीच भारत को लेकर जिज्ञासा, गर्व और अपेक्षा हैं। उन्होंने कहा कि गलत प्रचार के बावजूद भारत के प्रति सद्भावना और हिंदुओं के प्रति सम्मान का भाव दिखाई देता है।
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत की विशेषता है कि यहां व्यक्ति की स्वतंत्रता और समाज के प्रति जिम्मेदारी साथ-साथ चलती हैं। उन्होंने भूपेन हजारिका के गंगा पर आधारित गीत का जिक्र करते हुए कहा कि जब व्यक्ति स्वार्थी बन जाता है, तो समाज अपनी पहचान खो देता है। उन्होंने पर्यावरण की रक्षा करते हुए पारंपरिक विकास पद्धतियों में नए ज्ञान और तकनीक को जोड़ने की जरूरत बताई। मोहन भागवत ने कहा कि भारत की पारंपरिक पद्धतियां जीवों को नष्ट करने के बजाय नियंत्रित करने पर आधारित रही हैं। दुनिया भारत से ऐसे ज्ञान की अपेक्षा करती है। हमें दूसरे देशों से सीखना चाहिए, लेकिन भारत के पास भी ऐसा ज्ञान है, जो दुनिया को कोई दूसरा देश नहीं दे सकता।
भागवत ने स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का उद्देश्य केवल भौतिक सुखों का आनंद लेना नहीं, बल्कि दुनिया को धर्म देना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म का अर्थ केवल पूजा-पद्धति या खान-पान नहीं है। धर्म वह है, जो सभी को सुखी, निरोग और एक-दूसरे के प्रति सद्भावना रखने वाला बनाए तथा किसी को दुख का भागीदार न बनने दे। जब भगवान की इच्छा से सनातन धर्म का उत्थान होता है, तब भारत का उत्थान होता है। दूरदर्शी महापुरुषों ने भारत के शरीर, मन, बुद्धि और आत्मा का गहन अध्ययन कर इसकी दिशा बताई थी। आज भारत उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रमंडल से जुड़े लोगों ने उनसे भारत को नेतृत्व देने की अपेक्षा जताई है। उनके अनुसार, आज भारत दुनिया का सबसे भरोसेमंद देश बनकर उभर रहा है।
संघ प्रमुख भागवत ने कहा कि संघ का उद्देश्य अपनी प्रशंसा प्राप्त करना नहीं, बल्कि भारत को ऊर्जावान और पुनरुत्थानशील राष्ट्र बनाने के प्रयासों में योगदान देना है। डॉ. हेडगेवार ने भी इसी भावना के साथ एक प्रामाणिक कार्यकर्ता के रूप में काम किया था। उन्होंने कहा कि प्रशंसा मिले या आलोचना, लाभ हो या न हो, राष्ट्र के लिए काम करते हुए आगे बढ़ते रहना ही संघ का रास्ता है।
Source: IANS