आम आदमी पार्टी छोड़ने पर चरणजीत सिंह बोले-'12 साल की मेहनत के बाद भी

चंडीगढ़, 29 नवंबर । पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले चमकौर साहिब से विधायक डॉ. चरणजीत सिंह आम आदमी पार्टी को छोड़कर शिरोमणि अकाली दल में शामिल हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व ने उन्हें लगातार नजरअंदाज किया। बार-बार कोशिश करने के बावजूद उन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने का समय नहीं दिया गया। आखिरकार सम्मान न मिलने से आहत होकर उन्हें यह कठिन फैसला लेना पड़ा।

डॉ. चरणजीत सिंह ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं 12 साल से आम आदमी पार्टी में था। मैंने दो चुनाव लड़े हैं। 2017 का चुनाव लड़ा, उसमें भी मुझे 50 हजार वोट मिले। 2022 में चुनाव लड़ा तो पूर्व मुख्यमंत्री को हराया लेकिन इतना सब कुछ करने के बावजूद अगर आपको सम्मान नहीं मिलता, तो तकलीफ होती है। मैं यह नहीं कह रहा कि मैं मंत्रिमंडल की बात कर रहा हूं, मैं सम्मान की बात कर रहा हूं। अगर वह सम्मान न मिले, तो मजबूरन कई बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं।"

उन्होंने कहा, "एक विधायक के तौर पर मैं एक साल से कह रहा हूं कि मुझे मुख्यमंत्री से दो मिनट चाहिए लेकिन मुझे एक साल से समय नहीं मिला। अगर पार्टी किसी और को टिकट देना चाहती, तो कोई आपत्ति नहीं थी। हालांकि इतना तो बनता है कि जो इंसान 12 साल से पार्टी में है, उसे कहीं न कहीं समायोजित किया जाए लेकिन न तो कोई समायोजन किया गया और न ही समय दिया गया। टिकट देने के बाद भी समय मांगा, तब भी नहीं मिला।"

डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी बहुत बड़े दिग्गज नेता हैं, मुख्यमंत्री रहे और उसके बाद सांसद हैं। ऐसे नेता को हराने के बाद भी उन्हें वह सम्मान नहीं मिला, जिसका उन्हें हक था।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में यह स्थिति है कि चुनाव में जो लगाना है, वह अपना बेचकर ही लगाना है। पार्टी किसी तरह का सहयोग नहीं करती, आम आदमी पार्टी कोई समर्थन नहीं करती। इतना सब कुछ करने के बावजूद अगर थोड़ा भी सम्मान न मिले, तो दर्द तो होता ही है।

डॉ. चरणजीत सिंह ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए चमकौर साहिब सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार जसबीर सिंह गढ़ी को कमजोर नेता बताया। उन्होंने कहा कि जसबीर सिंह गढ़ी एक कमजोर नेता हैं, उन्होंने तीन चुनाव लड़े हैं और तीनों हारे हैं।

उन्होंने कहा, "मुझे तो यह लगता है कि यह चरणजीत सिंह चन्नी के साथ एक समायोजन है। कुश्ती हो रही है और वे कोशिश कर रहे हैं कि वे आराम से जीत सकें। उन्हें यह नहीं पता कि मैदान अभी खाली है, सामने किसने आना है, उन्हें यह नहीं पता।"

जब उनसे पूछा गया कि उन्होंने शिरोमणि अकाली दल को ही क्यों चुना, भाजपा या कांग्रेस जैसे अन्य दलों में क्यों नहीं गए, तो डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा, "पंजाब का अगर किसी ने सबसे ज्यादा नुकसान किया है, तो वह कांग्रेस पार्टी ने किया है। पंजाब के दो टुकड़े कर दिए गए। उसके बाद पंजाब का पानी, करीब 70 प्रतिशत लूटकर बाहर दिया जा रहा है। फिर भी उनका पेट नहीं भरा, तो वे एसवाईएल का मुद्दा लेकर आए। पंजाब में आतंकवाद के कारण करीब 25 हजार पंजाबी नौजवान मारे गए।इसलिए कांग्रेस में जाने का कोई मतलब ही नहीं बनता।"

डॉ. चरणजीत सिंह ने कहा कि पंजाब में आज तक जितना विकास हुआ है, वह अकाली दल-भाजपा गठबंधन के शासनकाल में हुआ है। इसलिए अगर गठबंधन में जाना था, तो अकाली दल एक बेहतर विकल्प था क्योंकि यह पंजाब की अपनी क्षेत्रीय पार्टी है।

उन्होंने अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल की तारीफ करते हुए कहा कि सुखबीर सिंह बादल एक बहुत ही दूरदर्शी इंसान हैं। उनके कद और उनकी सोच को देखते हुए उन्होंने अकाली दल में शामिल होने का फैसला किया। आगामी चुनाव अकाली दल से लड़ने की संभावना पर उन्होंने कहा कि गठबंधन में यह देखा जाता है कि सीट किसके हिस्से में जाती है। अगर अकाली दल को सीट जाती है, तो सुखबीर बादल ने कहा है कि वह मुझे टिकट देंगे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter