हरिद्वार कुंभ 2027: नेत्र कुंभ में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की मुफ्त

देहरादून, 29 नवंबर । हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 45 दिवसीय नेत्र चिकित्सा महाशिविर आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून के सभागार में नेत्र कुंभ-2027 के शंखनाद कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़ी संस्था 'सक्षम' और सहयोगी संगठनों के प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ-2027 का आयोजन 12 जनवरी से 25 फरवरी तक किया जाएगा। इस 45 दिवसीय महाशिविर में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं की निःशुल्क नेत्र जांच, एक लाख चश्मों का वितरण और 10 हजार नेत्र ऑपरेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शिविर में जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने आयोजन समिति को आश्वस्त किया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार और कुंभ मेला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

नर सेवा ही नारायण सेवा है: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सनातन संस्कृति में कुंभ केवल आस्था, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का महापर्व नहीं है, बल्कि यह सेवा, सहयोग और परोपकार का भी संदेश देता है। भारतीय संस्कृति में नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। नेत्र कुंभ इसी सेवा भावना को साकार करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने कहा कि आज भी आर्थिक अभाव और चिकित्सा सुविधाओं की कमी के कारण अनेक लोग समय पर अपनी आंखों की जांच और उपचार नहीं करा पाते हैं। ऐसे जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क नेत्र चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना सराहनीय पहल है।

2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई सेवा यात्रा

मुख्यमंत्री ने बताया कि नेत्र कुंभ की सेवा यात्रा वर्ष 2019 में प्रयागराज कुंभ से शुरू हुई थी। इसके बाद हरिद्वार कुंभ, प्रयागराज महाकुंभ और राजस्थान के रामदेवरा में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से लाखों लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच की गई और हजारों लोगों के ऑपरेशन किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार में नेत्र कुंभ-2027 के आयोजन से इस सेवा अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।

भव्य और सुरक्षित कुंभ आयोजन के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। राज्य सरकार कुंभ के भव्य, दिव्य और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुगम यातायात और पैदल आवागमन की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुंभ में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों से नेत्र कुंभ के सेवा अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुंभ के सफल आयोजन में सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल, हंस फाउंडेशन की संस्थापक माता मंगला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेंद्र कुमार, सक्षम के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. दयाल सिंह पंवार, नेत्र कुंभ आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, सक्षम उत्तराखंड के प्रांत अध्यक्ष एवं आयोजन समिति के प्रबंध प्रमुख ललित प्रसाद पंत, आयोजन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र मित्तल और महासचिव डॉ. अनुज सिंघल सहित विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

नेत्र कुंभ-2027: मुख्य लक्ष्य

चिकित्सा सुविधा

निर्धारित लक्ष्य

निःशुल्क नेत्र जांच

1.5 लाख श्रद्धालु

निःशुल्क चश्मों का वितरण

1 लाख

नेत्र ऑपरेशन

10 हजार

निःशुल्क दवाएं

उपलब्ध कराई जाएंगी

आयोजन अवधि

12 जनवरी से 25 फरवरी 2027

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter