आदि गौरव महोत्सव 2026: सीएम धामी ने गिनाईं जनजातीय विकास की योजनाएं

देहरादून, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित ‘आदि गौरव महोत्सव उत्तराखंड-2026’ में प्रतिभाग किया। राज्य जनजातीय शोध संस्थान (टीआरआई), उत्तराखंड की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए जनजातीय समाज के लोगों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आदिवासी संस्कृति और हस्तकला पर आधारित विशाल प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने जनजातीय समुदायों के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों, कलात्मक कौशल और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की विविधतापूर्ण परंपराओं को समझने और अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदि गौरव महोत्सव जनजातीय समाज की परंपराओं, संस्कृति और गौरवशाली विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है और जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट जीवनशैली, प्रकृति के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों से इसे समृद्ध किया है।

भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ उलगुलान यानी क्रांति का नेतृत्व किया था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनका साहस, स्वाभिमान और अन्याय के खिलाफ संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को प्रतिवर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया। इससे जनजातीय समाज के महानायकों और उनके ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का विकास होगा

मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार की धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत उत्तराखंड के 128 जनजातीय गांवों का चयन किया गया है। इन गांवों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और रोजगार के अवसर बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। इनमें एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, प्रधानमंत्री जनजातीय विकास मिशन और वन धन केंद्र जैसी पहल शामिल हैं।

प्रदेश में चार एकलव्य आवासीय विद्यालय संचालित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश में कालसी, मेहरावना, बाजपुर और खटीमा में चार एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय संचालित हैं। इनमें जनजातीय विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा और आवास की सुविधा दी जा रही है।

सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में भोटिया और राजी जनजाति के बच्चों के लिए भी एकलव्य विद्यालय स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों को प्राथमिक शिक्षा से लेकर स्नातकोत्तर स्तर तक विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रदेश में 16 राजकीय आश्रम पद्धति विद्यालय और तकनीकी प्रशिक्षण के लिए तीन जनजातीय आईटीआई भी संचालित हैं।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग और छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा केंद्र सरकार के सहयोग से देहरादून में ‘आदि लक्ष्य संस्थान’ स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

जनजातीय बालिकाओं की शिक्षा के लिए छात्रावास

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए खटीमा में जनजातीय बालिका छात्रावास को स्वीकृति दी गई है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों की छात्राओं को आवासीय सुविधा के साथ उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज के महानायकों के सम्मान में खटीमा के जनजातीय आईटीआई का नाम महाराणा प्रताप और चकराता के जनजातीय आईटीआई का नाम वीर शहीद केसरी चंद के नाम पर रखा गया है। सरकार आश्रम पद्धति विद्यालयों की शैक्षिक गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी काम कर रही है।

जनजातीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं को शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री जनजाति रोजगार उत्कर्ष योजना शुरू की गई है, जिसके माध्यम से युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके अलावा पात्र अनुसूचित जनजाति परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

योजनाओं की निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पिथौरागढ़, देहरादून, चमोली और ऊधमसिंह नगर में जिला जनजाति कल्याण अधिकारियों के पद भी सृजित किए गए हैं।

जनजातीय संस्कृति और हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का विकास केवल आर्थिक और सामाजिक उन्नति तक सीमित नहीं है। उनकी विशिष्ट संस्कृति, लोक परंपराओं, रीति-रिवाजों और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है।

इसी उद्देश्य से राज्य सरकार जनजातीय महोत्सव, खेल महोत्सव और विज्ञान महोत्सव जैसे आयोजन कर रही है। राज्य जनजातीय शोध संस्थान के लिए एक करोड़ रुपये के कॉर्पस फंड की व्यवस्था भी की गई है, जिससे जनजातीय समाज से जुड़े शोध, अध्ययन और सांस्कृतिक संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आदि गौरव महोत्सव में प्रदर्शित हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाकृतियां और स्थानीय उत्पाद जनजातीय समाज की रचनात्मकता, मेहनत और आत्मनिर्भरता को दर्शाते हैं। सरकार का प्रयास है कि जनजातीय शिल्पकारों और स्थानीय उत्पाद निर्माताओं को व्यापक बाजार मिले, उनकी आय बढ़े और पारंपरिक हुनर को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जनजातीय समाज के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा होगा।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, सचिव श्रीधर बाबू अद्यांकी, जनजातीय समाज के प्रतिनिधि, विभिन्न समुदायों के लोग, हस्तशिल्पी, स्थानीय उद्यमी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter