जनगणना 2027: उत्तराखंड में स्व-गणना शुरू, 30 नवंबर तक ऑनलाइन भरें जानकारी
उत्तराखंड में जनगणना-2027 के तहत 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू हो गई है। नागरिक 30 नवंबर तक se.census.gov.in पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकते हैं। प्रगणक 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक सत्यापन करेंगे।
देहरादून, 16 नवंबर । उत्तराखंड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना के तहत 16 नवंबर 2026 से स्व-गणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सबसे पहले ऑनलाइन स्व-गणना कर इस अभियान का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित प्रदेश के कई मंत्रियों ने भी स्व-गणना में भागीदारी की।
राज्यपाल के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने परिवार और आवास से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर स्व-गणना की। जनगणना मंत्री मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने भी इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
30 नवंबर तक मिलेगी स्व-गणना की सुविधा
जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड के अनुसार प्रदेशवासियों के लिए स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस दौरान लोग आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
इस सुविधा के माध्यम से नागरिकों को अपनी सुविधानुसार घर बैठे जनगणना से संबंधित विवरण भरने का अवसर मिलेगा। इसका उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
स्व-गणना के बाद SE ID सुरक्षित रखना जरूरी
जनगणना निदेशालय ने स्व-गणना पूरी करने वाले सभी परिवारों से प्राप्त विशिष्ट स्व-गणना आईडी यानी SE ID को सुरक्षित रखने की अपील की है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 के बीच प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान जिन परिवारों ने ऑनलाइन स्व-गणना की है, उन्हें प्रगणकों को अपनी SE ID उपलब्ध करानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारियों का सत्यापन किया जा सके।
वहीं, जिन परिवारों द्वारा 16 से 30 नवंबर के बीच स्व-गणना नहीं की जाएगी, उनकी जानकारी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज की जाएगी।
जागरूकता के लिए LED प्रचार वाहन रवाना
स्व-गणना प्रक्रिया के प्रति लोगों को जागरूक करने और अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए LED प्रचार वाहनों को भी रवाना किया गया। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड की निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक परवीन कुमार, उप निदेशक आर.के. बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source: The News Com Network