मुख्यमंत्री धामी ने परिवार सहित की जनगणना-2027 की स्व-गणना, जानें पूरी प्रक्रिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परिवार सहित की जनगणना-2027 के लिए स्व-गणना, प्रदेशवासियों से की भागीदारी की अपील
देहरादून, 16 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में अपने परिवार के साथ जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर अपने परिवार से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दर्ज कर जनगणना अभियान में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश की भविष्य की विकास योजनाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उत्तराखंड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में जनसंख्या के सटीक आंकड़े बेहद जरूरी हैं। विशेष रूप से पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए क्षेत्रवार जनसंख्या और स्थानीय जरूरतों की सटीक जानकारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने में मदद मिलती है। जनगणना-2027 में डिजिटल तकनीक का उपयोग एक महत्वपूर्ण पहल है। ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा के माध्यम से नागरिक अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे लोगों की सीधी भागीदारी सुनिश्चित होने के साथ ही आंकड़ों के संकलन की प्रक्रिया भी आसान होगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे जनगणना में दर्ज की जाने वाली प्रत्येक जानकारी को गंभीरता से लें और निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी स्व-गणना पूरी करें। साथ ही, जनगणना कार्य में जुटे प्रगणकों को भी आवश्यक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार की सक्रिय भागीदारी से जनगणना के आंकड़ों की विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि जनगणना-2027 से प्राप्त आंकड़े आने वाले वर्षों में उत्तराखंड की विकास संबंधी जरूरतों को समझने और सरकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।
16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का मौका
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत उत्तराखंड के गैर-हिमाच्छादित क्षेत्रों में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके लिए नागरिक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे।
इस अवसर पर सचिव जनगणना दीपक कुमार, निदेशक जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, राजू कुमार बनवारी और सहायक निदेशक संजीव कुमार उपस्थित रहे।
Source: The News Com Network