मद्महेश्वर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 19 नवंबर को ऊखीमठ

रुद्रप्रयाग, 16 नवंबर । उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में स्थित द्वितीय केदार भगवान श्री मद्महेश्वर मंदिर के कपाट सोमवार, 16 नवंबर को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिनमें श्रद्धालुओं और स्थानीय हक-हकूकधारियों ने भाग लिया। भगवान मद्महेश्वर के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की मद्महेश्वर धाम यात्रा का समापन हो गया।

कपाट बंद होने के बाद भगवान मद्महेश्वर की चल विग्रह उत्सव डोली ने शीतकालीन प्रवास के लिए प्रस्थान किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 16 नवंबर को डोली मद्महेश्वर धाम से रवाना होकर गौण्डार गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा।

इसके बाद 17 नवंबर को उत्सव डोली गौण्डार गांव से प्रस्थान कर राकेश्वरी मंदिर, रांसी पहुंचेगी। 18 नवंबर को डोली रांसी से रवाना होकर गिरिया गांव पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 19 नवंबर को भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली गिरिया गांव से प्रस्थान कर शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी।

ऊखीमठ स्थित श्री ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचने पर धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली का स्वागत किया जाएगा। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।

शीतकाल के दौरान भगवान मद्महेश्वर की नियमित पूजा-अर्चना श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में ही की जाएगी। ऐसे में श्रद्धालु शीतकाल में ऊखीमठ पहुंचकर भगवान मद्महेश्वर के दर्शन कर सकेंगे और पूजा-अर्चना में शामिल हो सकेंगे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter