उत्तराखंड के हर विकासखंड में बनेगी गौशाला, 21.91 करोड़ रुपये जारी

देहरादून, 16 नवंबर। उत्तराखंड में निराश्रित गोवंश के संरक्षण और संवर्धन को लेकर राज्य सरकार ने प्रयास तेज करने की दिशा में कदम उठाए हैं। उत्तराखंड गो सेवा आयोग ने प्रदेश के प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही गौसदनों को समय पर अनुदान उपलब्ध कराने, घायल गोवंश को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने और गोवंश के साथ क्रूरता रोकने पर विशेष जोर दिया गया है।

पशुधन भवन, मोथरोवाला में उत्तराखंड गो सेवा आयोग के अध्यक्ष डॉ. पंडित राजेंद्र अणथ्वाल की अध्यक्षता में आयोग की सामान्य कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

बैठक में अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र अणथ्वाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की मूल परिकल्पना के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार गो, गंगा, गायत्री और संत सेवा के कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि गोमाता का सम्मान, सेवा और संरक्षण सनातन संस्कृति के मूल भाव हैं। गोवंश की सेवा में लगे लोगों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इस दिशा में सकारात्मक सोच के साथ कार्य करने की अपील की।

हर विकासखंड में गौशाला स्थापित करने पर जोर

बैठक में निराश्रित गायों और गोवंश को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश में संचालित, निर्माणाधीन और प्रस्तावित गौसदनों एवं गौशालाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में गौशाला स्थापित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए, ताकि निराश्रित गोवंश को स्थानीय स्तर पर ही सुरक्षित आश्रय मिल सके।

अध्यक्ष ने गौशालाओं और गौसदनों में साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखने तथा गोवंश के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि गोवंश के भरण-पोषण के लिए मिलने वाला अनुदान समय पर गोसेवकों तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए गौसदनों को अनुदान देने से जुड़ी सभी औपचारिकताएं प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच पूरी करने के निर्देश दिए गए।

घायल गोवंश को तत्काल मिलेगा उपचार

बैठक में नगर निकायों और पंचायती राज विभाग को निर्देश दिए गए कि सड़कों पर घायल अवस्था में मिलने वाले निराश्रित गोवंश को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित गौशालाओं तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाए। इस कार्य के लिए संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित करने को भी कहा गया।

इसके अलावा नगर निकायों और ब्लॉक स्तर पर गोवंश के जन्म और मृत्यु का रिकॉर्ड व्यवस्थित रूप से रखने के निर्देश दिए गए, ताकि संरक्षण संबंधी गतिविधियों की निगरानी बेहतर तरीके से की जा सके।

गौकशी और गो तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

आयोग के अध्यक्ष ने गोहत्या, गौकशी, गौमांस और गो तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि गौमांस बरामदगी से जुड़ी कार्रवाई के दौरान नमूने लेने के लिए मौके पर पहुंचने वाले पशु चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।

साथ ही थाना स्तर पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा गया, जिससे ऐसी कार्रवाई में जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

प्रदेश में 112 गौसदन पंजीकृत, 21.91 करोड़ रुपये जारी

बैठक में उत्तराखंड पशुधन विकास परिषद के मुख्य पशु अधिशासी अधिकारी ने गौसदनों की स्थिति और वित्तीय सहायता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पशु कल्याण बोर्ड के अंतर्गत प्रदेश में कुल 112 गौसदन पंजीकृत हैं। इनमें से 91 गौसदन एनजीओ के माध्यम से और 21 अनुबंध के आधार पर संचालित हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 21,454 गोवंश के भरण-पोषण के लिए पहली किस्त के रूप में 21 करोड़ 91 लाख रुपये संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। वहीं, दूसरी किस्त के रूप में 26 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

बैठक में डेयरी संचालकों की गतिविधियों को व्यवस्थित करने और उन पर प्रभावी नियंत्रण के विषय पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि डेयरी संचालकों के पंजीकरण से संबंधित नियमावली तैयार कर शासन को भेज दी गई है। इसके अलावा गोवंश के भरण-पोषण के लिए भूसे पर दी जाने वाली सब्सिडी भी जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।

गोवंश संरक्षण के लिए सदस्यों ने दिए सुझाव

बैठक में आयोग के उपाध्यक्ष भूपेंद्र कण्डारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा गोसेवा और निराश्रित गोवंश को आश्रय उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

बोर्ड के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और अनुभव साझा करते हुए कई सुझाव भी दिए। इनमें सड़क दुर्घटनाओं से गोवंश को बचाने के लिए उनके गले में रेडियम बेल्ट लगाने, गोवंश पर अत्याचार करने वालों को पकड़वाने में सहयोग करने वाले लोगों को प्रोत्साहन राशि देने तथा अन्य राज्यों में गोवंश संरक्षण के बेहतर प्रयासों का अध्ययन करने के लिए बोर्ड सदस्यों का भ्रमण कराने जैसे सुझाव शामिल रहे।

अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को बोर्ड की बैठकों में स्वयं उपस्थित रहने और प्रत्येक छह महीने में बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को बैठक में प्रस्तुत प्रस्तावों पर गंभीरता से कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई।

बैठक में निदेशक पशुपालन डॉ. उदय शंकर, संयुक्त सचिव पशुपालन आलोक कुमार सिंह, वित्त, वन, कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारी, सीओ डालनवाला नितिन लोहानी सहित गो सेवा आयोग के सदस्य और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter