सीएम धामी ने 47 दिवसीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन में किया प्रतिभाग
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का पोस्टर भी जारी किया।
देहरादून, 17 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास में आयोजित कार्यक्रम में पद्म भूषण से सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी सहित यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया और अभियान की सफलता पर उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. अनिल प्रकाश जोशी द्वारा लगातार 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है। यह यात्रा महज लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं है, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने की एक सार्थक पहल है।
उन्होंने भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि जनकपुर धाम और अयोध्या का जुड़ाव दोनों देशों की साझा सांस्कृतिक विरासत और आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। भारत और नेपाल की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हैं। इसलिए पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए दोनों देशों के बीच सामूहिक प्रयास बेहद जरूरी हैं।
सीएम धामी ने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए विकास योजनाओं को आगे बढ़ाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (GEP) की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता के आकलन के जरिए विकास तथा पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने में यह अवधारणा उपयोगी साबित हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान हिमालय, नदियों, वनों, जैव विविधता और समृद्ध प्राकृतिक संपदा से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल कर लगातार काम कर रही है। नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना सरकार का विकल्प रहित संकल्प है। इस दिशा में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है।
विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
इस अवसर पर यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से आपदा प्रबंधन, सुरक्षा और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
Key Highlights
-
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन समारोह में प्रतिभाग किया।
-
पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में आयोजित हुई साइकिल यात्रा।
-
मुख्यमंत्री ने डॉ. जोशी और सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
-
जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर दिया जोर।
-
भारत-नेपाल के बीच पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।
-
ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट (GEP) को विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
-
नौले-धारे, चाल-खाल और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण में महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी पर जोर।
-
देहरादून में 28 से 30 नवंबर तक होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का विमोचन किया।
-
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित होगा सम्मेलन।