उत्तराखंड के दूरस्थ इलाकों में पहुंचेगी स्वास्थ्य सेवा, सीएम धामी ने

देहरादून, 17 नवंबर । उत्तराखंड के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय, देहरादून से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जनपदों के दूरस्थ इलाकों में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दो मोबाइल मेडिकल यूनिट 'आरोग्य रथ' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन की ओर से की गई है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों के नजदीक पहुंचाना बेहद जरूरी है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को अपने आसपास ही प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और फार्मासिस्ट की तैनाती के साथ आवश्यक दवाओं की व्यवस्था भी की गई है। इन यूनिट के जरिए लोगों को प्राथमिक और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी। इन मोबाइल यूनिट के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का कार्य भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और विस्तार के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खासतौर पर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने में सरकारी प्रयासों के साथ-साथ कॉर्पोरेट क्षेत्र और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विभिन्न संस्थाएं स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों के विकास में इसी तरह सहयोग करती रहेंगी।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, सदस्य पलायन निवारण आयोग अनिल सिंह शाही, सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पांडेय, अपर सचिव मनमोहन मैनाली, पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन की सीनियर डायरेक्टर (सीएसआर) अनंतिका सिंह, टीएसएल ग्रुप के सीईओ साहिल अरोड़ा और डायरेक्टर आदेश गुप्ता सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Key Highlights

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून से दो मोबाइल मेडिकल यूनिट 'आरोग्य रथ' रवाना किए।

  • अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जाएंगी।

  • मोबाइल यूनिट में डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ, फार्मासिस्ट और जरूरी दवाएं उपलब्ध रहेंगी।

  • ग्रामीणों को प्राथमिक चिकित्सा, स्वास्थ्य परामर्श और निवारक स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।

  • स्वास्थ्य समस्याओं की शुरुआती पहचान और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर रहेगा।

  • यह पहल पर्नोड रिकार्ड इंडिया फाउंडेशन के सीएसआर कार्यक्रम के तहत टीएसएल फाउंडेशन ने की है।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter