मुनिकीरेती में शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क का होगा विकास, पहले चरण

देहरादून, 18 नवंबर । उत्तराखंड के मुनिकीरेती में विकसित किए जा रहे शिवालिक बायोडायवर्सिटी (इको) पार्क को प्राकृतिक सुंदरता और जैव विविधता के संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु ने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पार्क के विकास में अनावश्यक निर्माण कार्यों से बचा जाए और सिविल वर्क न्यूनतम रखा जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्क की प्राकृतिक विशेषताओं, जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन से कोई समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

शिवालिक बायोडायवर्सिटी (इको) पार्क की निर्माण एवं विकास योजना को लेकर आयोजित विभागीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रमुख सचिव ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। बैठक में पार्क की प्रस्तावित रूपरेखा, निर्माण कार्यों, बजट प्रबंधन और भविष्य में इसके संचालन एवं रखरखाव को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई।

आर.के. सुधांशु ने कहा कि इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य प्राकृतिक वातावरण को सुरक्षित रखते हुए क्षेत्र की जैव विविधता को समृद्ध करना होना चाहिए। इसके लिए पार्क में मौजूद प्राकृतिक संसाधनों और विशेषताओं का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को ऐसे निर्माण कार्यों से बचने की सलाह दी, जिनकी आवश्यकता नहीं है। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ परियोजना की लागत को भी नियंत्रित किया जा सकेगा।

पर्यटन गतिविधियों से राजस्व अर्जित करने पर जोर

प्रमुख सचिव ने पार्क के लिए दीर्घकालिक वित्तीय योजना तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि कम खर्च में बेहतर परिणाम हासिल करने की दिशा में काम किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि पार्क का संचालन और रखरखाव भविष्य में सरकारी बजट पर पूरी तरह निर्भर न रहे, बल्कि इसके लिए स्वयं राजस्व अर्जित करने की व्यवस्था विकसित की जाए।

इसके लिए शिवालिक बायोडायवर्सिटी पार्क को पर्यटन और प्रकृति आधारित गतिविधियों के आकर्षक केंद्र के रूप में तैयार करने की योजना बनाई जाएगी। अधिकारियों को अधिक से अधिक पर्यटकों और आगंतुकों को आकर्षित करने वाले विकल्पों पर विस्तृत अध्ययन करने तथा आय के संभावित स्रोतों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।

दो चरणों में होगा 100 करोड़ रुपये का विकास

प्रमुख सचिव ने पार्क के समग्र विकास के लिए दो चरणों की योजना तैयार करने को कहा। पहले चरण में 50 करोड़ रुपये की लागत से विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर उसे लागू किया जाएगा। इस चरण में पार्क को पर्यटकों के लिए आकर्षक और सुविधाजनक बनाने के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर विशेष ध्यान रहेगा।

पहले चरण के अनुभव और परिणामों के आधार पर दूसरे चरण की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इसके तहत 50 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि से पार्क का विस्तार और विकास किया जा सकेगा। इस चरण में इसे और अधिक भव्य स्वरूप देने की योजना है।

बैठक में वन विभाग के संबंधित अधिकारियों ने भी परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter