उत्तराखंड और ओडिशा सरकार मिलकर करेंगे भूस्खलन प्रबंधन, जल्द होगा MoU

देहरादून, 18 नवंबर । भूस्खलन के खतरे को कम करने और आपदा प्रबंधन की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उत्तराखंड और ओडिशा ने आपसी सहयोग बढ़ाने का फैसला किया है। इसके तहत उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (OSDMA) के बीच जल्द ही एक समझौता ज्ञापन (MoU) किया जाएगा। दोनों राज्य भूस्खलन न्यूनीकरण, जोखिम आकलन, निगरानी और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से जुड़े अपने अनुभव और विशेषज्ञता साझा करेंगे।

इस संबंध में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन और ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (OSDMA) के सलाहकार एवं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. कमल लोचन मिश्रा के बीच सहमति बनी है। इस दौरान राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी (सेवानिवृत्त) भी मौजूद रहे।

ओडिशा के विशेषज्ञ दल ने उत्तराखंड की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को समझा

डॉ. कमल लोचन मिश्रा के नेतृत्व में ओडिशा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ अधिकारियों की टीम ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) का दौरा किया। इस दौरान टीम को उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन के तहत किए जा रहे विभिन्न कार्यों और तकनीकी पहलों की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों को खास तौर पर भूस्खलन न्यूनीकरण, आपदा जोखिम आकलन, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली, तकनीकी हस्तक्षेप और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के इस्तेमाल के बारे में बताया गया।

डॉ. कमल लोचन मिश्रा ने बताया कि हाल ही में चक्रवात अर्नब के बाद आई बाढ़ ने ओडिशा के गंजाम, गजपति, कंधमाल और रायगड़ा जिलों को प्रभावित किया है। बाढ़ के साथ इन क्षेत्रों में भूस्खलन की समस्या भी एक नई चुनौती बनकर सामने आई है। ऐसे में उत्तराखंड में विकसित भूस्खलन प्रबंधन की व्यवस्थाएं और तकनीकी अनुभव ओडिशा के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने भूस्खलन न्यूनीकरण और प्रबंधन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल की हैं। यहां अपनाई जा रही तकनीकों, नवाचारों और विशेषज्ञता का अध्ययन करके ओडिशा में भी जरूरत के अनुसार इन व्यवस्थाओं को लागू करने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

भूस्खलन प्रबंधन के लिए उत्तराखंड के अनुभव आएंगे काम

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम करने के लिए राज्यों के बीच ज्ञान, तकनीक और अनुभवों का आदान-प्रदान जरूरी है। उत्तराखंड और ओडिशा दोनों अलग-अलग तरह की प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील हैं। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच सहयोग से आपदा प्रबंधन की तैयारियों और तकनीकी क्षमताओं को मजबूत किया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में भूस्खलन के जोखिम को कम करने के लिए वैज्ञानिक अध्ययन, तकनीकी संस्थानों के साथ समन्वय, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली, जोखिम मानचित्रण और स्थानीय स्तर पर क्षमता विकास जैसे कार्य किए जा रहे हैं।

भूस्खलन से संबंधित अनुसंधान और तकनीकी समाधान विकसित करने के उद्देश्य से उत्तराखंड में उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर (ULMMC) की स्थापना की गई है। यह केंद्र भूस्खलन न्यूनीकरण और प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्टता केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है।

इसके अतिरिक्त, भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों की जमीन के भीतर की संरचना और स्थिति का पता लगाने के लिए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है। संभावित भूस्खलन क्षेत्रों की पहचान और मानचित्रण में उपग्रह तथा भौगोलिक सूचना प्रणाली (GIS) की भी मदद ली जा रही है। भूस्खलन से निकलने वाले मलबे से पैदा होने वाले संभावित खतरों का आकलन भी किया जा रहा है।

विनोद कुमार सुमन ने कहा कि ओडिशा के साथ प्रस्तावित समझौते के माध्यम से उत्तराखंड अपने अनुभव और तकनीकी विशेषज्ञता साझा करेगा। साथ ही दोनों राज्यों की भौगोलिक परिस्थितियों और जरूरतों के अनुसार नए समाधान विकसित करने पर भी काम किया जाएगा।

बैठक एवं भ्रमण के दौरान अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (क्रियान्वयन) एवं डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, ओएसडीएमए के महाप्रबंधक अम्बिका प्रसाद मिश्रा, संरचनात्मक न्यूनीकरण विशेषज्ञ एवं इंजीनियर सरोज कुमार महापात्र, राज्य परियोजना प्रबंधक मेघनाद सहित दोनों राज्यों के आपदा प्रबंधन से जुड़े विशेषज्ञ और अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter