देहरादून जू में आया सफेद बाघ 'तेजस', अब कॉलेज के छात्र भी मुफ्त में

देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बना सफेद बाघ 'तेजस', सीएम धामी ने किया बाड़े का लोकार्पण

देहरादून, 18 नवंबर । उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मालसी चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ 'तेजस' का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चिड़ियाघर में सफेद बाघ तेजस के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तेजस के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण बढ़ेगा और पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का नया अनुभव मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ के आने से चिड़ियाघर में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस प्रजाति का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले चिड़ियाघर में अन्य प्रजातियों के दो बाघ लाए गए थे, जिनसे पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल मनोरंजन और पर्यटन का केंद्र नहीं है, बल्कि वन्यजीवों एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वन संपदा, जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से पहले ही बच्चों के लिए चिड़ियाघर में निःशुल्क भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। अब कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी देहरादून चिड़ियाघर में निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा और युवाओं में प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के प्रमुख वन संपदा वाले राज्यों में शामिल है। यहां के समृद्ध वन और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल, प्रमुख सचिव वन आरके सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल सहित वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

dehradun zoo2dehradun zoo1

खबर की मुख्य बातें (Highlights)

  • मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के मालसी चिड़ियाघर में सफेद बाघ 'तेजस' के बाड़े का लोकार्पण किया।

  • सफेद बाघ तेजस को अब पर्यटक चिड़ियाघर में देख सकेंगे।

  • उत्तराखंड में पहली बार सफेद बाघ लाया गया है।

  • देहरादून चिड़ियाघर में हर साल करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं।

  • चिड़ियाघर से प्रतिवर्ष सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है।

  • मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क प्रवेश की घोषणा की।

  • पहले से ही बच्चों के लिए चिड़ियाघर में मुफ्त भ्रमण की सुविधा उपलब्ध है।

  • सीएम धामी ने वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter