उत्तराखंड सड़क हादसे पर गृह मंत्री शाह ने जताया दुख, घायलों के जल्द

नई दिल्ली, 28 नवंबर । उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गृह मंत्री कार्यालय ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का संदेश साझा किया। इसमें गृह मंत्री ने कहा, "उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद है। इस दुर्घटना में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। स्थानीय प्रशासन द्वारा घायलों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया था। प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि पौड़ी गढ़वाल जिले में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने भी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री हादसे में लोगों की मौत से दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएमएनआरएफ से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये दिए जाएंगे।

पौड़ी गढ़वाल जिले के रिखणीखाल क्षेत्र में शनिवार को एक वाहन चालक के नियंत्रण खोने के बाद करीब 300 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में सात महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, वाहन रिखणीखाल से भंगालवाड़ की ओर जा रहा था और उसमें कुल 12 लोग सवार थे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर रिखणीखाल थाना पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। चार घायलों को खाई से निकालकर रिखणीखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कांती देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) के रूप में हुई है। घायलों में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) शामिल हैं। वाहन में सवार सभी लोग भंगालवाड़ के निवासी बताए गए हैं।

इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हादसे पर दुख जताया था और अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए एयरलिफ्ट करने के निर्देश दिए थे।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter