अब 25 साल तक की युवतियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण, हरिद्वार से नव्या

हरिद्वार में नव्या 2.0 का शुभारंभ, अब 16 से 25 वर्ष की युवतियों को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जयंत चौधरी ने की संयुक्त पहल की शुरुआत, 24 राज्यों के 100 जिलों की किशोरियों और युवा महिलाओं को मिलेगा लाभ; उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों का भी लोकार्पण

हरिद्वार, 28 नवंबर । उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थानम् में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने संयुक्त रूप से नव्या 2.0 (NAVYA 2.0) का शुभारंभ किया। यह महिला एवं बाल विकास मंत्रालय और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की संयुक्त पहल है। इसका उद्देश्य किशोरियों और युवा महिलाओं को व्यावसायिक कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।

नव्या (Nurturing Aspirations through Vocational Training for Young Women and Adolescent Girls) पहल के तहत 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 100 जिलों को शामिल किया जाएगा। इसमें आकांक्षी और दुर्गम क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। योजना के तहत पात्रता की आयु सीमा 16 से 18 वर्ष के स्थान पर बढ़ाकर 16 से 25 वर्ष कर दी गई है। इससे अधिक संख्या में युवा महिलाओं को कौशल विकास के अवसर मिल सकेंगे।

कार्यक्रम के अंतर्गत उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप उभरते और गैर-पारंपरिक रोजगार क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली युवतियों को रोजगार, अप्रेंटिसशिप और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।

योजना के जिला स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन के लिए एक समान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) निर्धारित की जाएगी। स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) के माध्यम से अभ्यर्थियों को नामांकन से लेकर प्रमाणन तक सहायता प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रशिक्षण संबंधी प्रगति की निगरानी भी की जाएगी।

महिलाओं की भागीदारी के बिना विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा: अन्नपूर्णा देवी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि महिलाओं की पूर्ण भागीदारी के बिना विकसित भारत 2047 का संकल्प अधूरा रहेगा। महिलाएं केवल विकास योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास की नेतृत्वकर्ता भी बनें, यह जरूरी है।

उन्होंने मां गंगा की अविरल धारा का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी निरंतर प्रवाहमान प्रकृति हमें जीवन में लगातार आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा देती है। सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बालिकाओं की जीवन यात्रा के प्रत्येक चरण में उनका सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। नव्या 2.0 इसी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राज्य नोडल अधिकारी कार्यक्रम के क्रियान्वयन का नेतृत्व करेंगे। वहीं, स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक अभ्यर्थी की प्रगति पर नजर रखी जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली प्रत्येक बालिका को सार्थक रोजगार के अवसर मिल सकें।

वंचित जिलों की युवतियों को मिलेंगे नए करियर विकल्प: जयंत चौधरी

कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी ने अपने वर्चुअल संदेश में कहा कि नव्या 2.0 अधिक से अधिक युवा महिलाओं, विशेषकर वंचित और पिछड़े जिलों की युवतियों को नए करियर विकल्प तलाशने के लिए प्रोत्साहित करेगा।

उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से युवतियों को अप्रेंटिसशिप के जरिए व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने और अपना उद्यम स्थापित करने के अवसर मिलेंगे। इससे वे कौशल प्रशिक्षण के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ सकेंगी।

उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड में 477 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) के तहत निर्मित पांच नए आंगनवाड़ी केंद्रों का भी उद्घाटन किया गया।

वहीं, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 10 अभ्यर्थियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक, लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी, सचिव अनिल मलिक, संयुक्त सचिव हेना उस्मान और संयुक्त सचिव अजीत कुमार सहित दोनों केंद्रीय मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter