देहरादून में 50 देशों के विशेषज्ञ जुटे, विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन का

देहरादून में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ, सीएम धामी ने हिमालयन इंस्टीट्यूट को ₹1 करोड़ देने की घोषणा की

50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और आपदा विशेषज्ञ ले रहे हिस्सा, सीएम बोले- आपदा प्रबंधन अब पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी

देहरादून, 28 नवंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने सम्मेलन को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि यह आयोजन राज्य को आपदा प्रबंधन, वैज्ञानिक अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में सार्थक पहल है। सम्मेलन में विभिन्न देशों के अनुभवों, आधुनिक तकनीकों और नवाचारों को साझा करने के साथ आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी एवं समन्वित रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ करीब 50 देशों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह सम्मेलन 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को भी साकार करता है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को किया याद

मुख्यमंत्री धामी ने 28 नवंबर के दिन को उत्तराखंड के लिए विशेष महत्व का बताया। उन्होंने वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल रेस्क्यू ऑपरेशन का उल्लेख करते हुए कहा कि 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी।

उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के साहस और धैर्य की सराहना की। मुख्यमंत्री ने बताया कि रेस्क्यू अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे और प्रतिदिन उनसे संवाद कर आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री के सहयोग को कठिन समय में अभिभावक के समान संबल बताया।

मुख्यमंत्री ने इस अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय एवं राज्य की एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से रेस्क्यू के अंतिम चरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि सिलक्यारा अभियान आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ मानवीय संवेदनशीलता, अनुभव, धैर्य और सामूहिक प्रयासों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना।

जलवायु परिवर्तन से बढ़ रही आपदाओं की चुनौती

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के कारण गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। कहीं अत्यधिक बारिश और बाढ़ की घटनाएं हो रही हैं, तो कहीं सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी परिस्थितियां जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं। इन आपदाओं का असर केवल जन-धन की हानि तक सीमित नहीं रहता, बल्कि अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन की प्रतिक्रियात्मक व्यवस्था से आगे बढ़कर पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण पर विशेष ध्यान दे रहा है। आपदा के बाद राहत एवं बचाव कार्य जितने जरूरी हैं, उससे अधिक महत्वपूर्ण संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान करना और नुकसान कम करने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्थाएं तैयार करना है।

हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन जरूरी

मुख्यमंत्री ने हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक और पर्यावरणीय संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील है। वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं। इसलिए सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्रों की समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

AI और ड्रोन तकनीक से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक तकनीक का समन्वय आवश्यक है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा संबंधी जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के अंतिम गांव तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी की जा सके और प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था हो।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं को लगातार मजबूत कर रही है। इसके तहत एसडीआरएफ को सुदृढ़ करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। साथ ही स्थानीय समुदायों को आपदा प्रबंधन के लिए प्रशिक्षित करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण के कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड के साथ-साथ पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों के लिए भी उपयोगी साबित होगा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter