उत्तरकाशी: पवाणी अग्निकांड से प्रभावित परिवारों के लिए प्रशासन ने

उत्तरकाशी, 28 नवंबर । उत्तरकाशी के मोरी विकासखंड के पवाणी गांव में अग्निकांड से उजड़े आशियानों के बाद प्रभावित परिवारों की जिंदगी को फिर से पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी ला दी है।

आग की घटना से प्रभावित परिवारों के सामने आवास और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती है। ऐसे में प्रशासन ने उनकी तत्काल आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राहत सामग्री उपलब्ध कराने की पहल तेज कर दी है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर शनिवार को प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मात्रा में बिस्तर, गर्म कपड़े और अन्य जरूरी सामग्री तहसीलदार मोरी को भेजी गई।

24 नवंबर को पवाणी गांव में हुए अग्निकांड के बाद से ही जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने में जुटा है। शनिवार को भेजी गई सामग्री में 100 गद्दे, 100 दरियां, 100 जोड़ी थर्मल अपर-लोअर, 100 गर्म स्कार्फ, 100 जोड़ी गर्म कुर्ते-पायजामे, 100 स्वेटर, 100 जोड़ी अंडरगारमेंट और 100 गर्म शॉल शामिल हैं। सर्दी के मौसम को देखते हुए गर्म कपड़ों और बिस्तर की व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है, ताकि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिल सके।

प्रशासन की ओर से तहसीलदार मोरी को निर्देशित किया गया है कि राहत सामग्री को बिना विलंब प्रभावित परिवारों तक पहुंचाकर उसका समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। प्रभावितों की जरूरतों के अनुरूप राहत और सहायता के सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को इस कठिन समय में जरूरी सुविधाएं मिलें और उनका जनजीवन जल्द से जल्द सामान्य हो सके।

Source: IANS

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter