सीएम धामी ने मथुरा में गौ संरक्षण प्रकल्पों का किया लोकार्पण

मथुरा में सीएम धामी ने गौ संरक्षण और अनुसंधान से जुड़े प्रकल्पों का किया लोकार्पण-शिलान्यास

पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ, आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र और नंदीश्वर छात्रावास का किया लोकार्पण

मथुरा, 28 नवंबर । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

कार्यक्रम में पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण किया गया। वहीं, आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और आवासीय परिसर का शिलान्यास भी किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण ने इसी पावन भूमि से पूरी मानवता को धर्म, कर्म और कर्तव्य का संदेश दिया। उनके जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौ संरक्षण केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से भी है। दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा के इस विचार को धरातल पर उतारने के लिए महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि समिति ने गौ सेवा को केवल गोवंश संरक्षण तक सीमित नहीं रखा है, बल्कि इसे आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से भी जोड़ा है। वर्तमान समय में ऐसी सोच की आवश्यकता है, जिसमें प्राचीन भारतीय परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें। आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन की नई संभावनाएं विकसित हों।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यक्रम में जिन प्रकल्पों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किए जा रहे हैं। ये संस्थान आने वाले समय में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेंगे। यहां से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी नए विचारों को आगे बढ़ाने के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा को भी मजबूती प्रदान करेंगे।

हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलकर मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करती हुई ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का भी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना में स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। राज्य सरकार का प्रयास है कि हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी आने तथा मां यमुना की आरती में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का उल्लेख करने से नहीं, बल्कि ठोस कार्यों और प्रयासों से संभव है। नदियों का संरक्षण, गोवंश का संवर्धन और अनुसंधान को नई दिशा देने जैसे प्रयास हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति द्वारा किए जा रहे कार्य उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश के लिए अनुकरणीय हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को अपना योगदान देना होगा।

अंत में मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter