गुरु नानक देव प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा पहुंचे CM धामी, हेमकुंट साहिब

गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा साहिब पहुंचे सीएम धामी, हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना पर कही बड़ी बात

खटीमा (ऊधमसिंह नगर), 24 नवंबर । कार्तिक पूर्णिमा एवं सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की आस्था, धार्मिक विरासत तथा ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के संरक्षण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही हैं। उत्तराखंड में भी श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

सीएम धामी ने बताया कि इसी दिशा में हेमकुंट साहिब में रोपवे निर्माण की महत्वाकांक्षी परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुगम होगी। साथ ही उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और उपस्थित श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दायित्वधारी गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला कमेटी अध्यक्ष शेर सिंह दानू, हिमांशु बिष्ट, रणदीप पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, एडीएम विनोद कुमार और निर्मला बिष्ट सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Source: The News Com Network

अन्य समाचार

Advertisement

Get Newsletter